Bihar News : नालंदा में आंगनवाड़ी केंद्र की छत का प्लास्टर गिरा, आधा दर्जन बच्चे हुए जख्मी, एक का टूटा पैर
NALANDA : जिले के परवलपुर प्रखंड के जयशिव बिगहा गांव स्थित आंगनवाड़ी केंद्र संख्या–6 में गुरुवार को पढ़ाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। अचानक छत का निचला हिस्सा प्लास्टर सहित गिर पड़ा, जिससे केंद्र में अफरा-तफरी मच गई। उस समय केंद्र में छोटे-छोटे बच्चे पढ़ाई कर रहे थे। छत का प्लास्टर गिरने से करीब आधा दर्जन बच्चे घायल हो गए।
घटना के बाद वहां मौजूद आंगनवाड़ी कर्मियों और स्थानीय लोगों ने तुरंत बच्चों को मलबे से निकालकर बाहर किया। सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद सभी घायलों को इलाज के लिए एकंगरसराय के एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बताया कि सभी बच्चे फिलहाल खतरे से बाहर हैं।
घायलों में जयशिव बिगहा निवासी ज्वाला पासवान का 4 वर्षीय पुत्र आकाश कुमार, रविशंकर पासवान की 4 वर्षीय पुत्री अणु कुमारी, तन्नू कुमारी, नीतीश पासवान का 3 वर्षीय पुत्र आर्यन कुमार, आयुष कुमार सहित अन्य बच्चे शामिल हैं। इनमें आकाश कुमार को सबसे गंभीर चोट आई है और उसका पैर टूट गया है, जबकि अन्य बच्चों को सिर और शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोटें लगी हैं।
आंगनवाड़ी सेविका उषा देवी ने बताया कि लगभग एक वर्ष पहले 77 हजार रुपये की लागत से केंद्र भवन की मरम्मत कराई गई थी। मरम्मत के कुछ ही समय बाद छत का प्लास्टर गिरने की घटना ने भवन की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद ग्रामीणों और अभिभावकों में काफी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि भवन की मरम्मत में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया, जिसके कारण यह हादसा हुआ। ग्रामीणों ने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही प्रखंड विकास पदाधिकारी के साथ में मौके पर पहुंचे थे सभी बच्चे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।
राज की रिपोर्ट