Bihar Politics: अनंत सिंह पर सांसद कौशलेंद्र का पलटवार, बोले- पार्टी में रहकर बगावत ठीक नहीं, नीरज कुमार को जीतने से कोई नहीं रोक सकता
Bihar Politics: पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से JDU प्रत्याशी नीरज कुमार के खिलाफ पार्टी विधायक अनंत सिंह के खुले विरोध के बीच अब पार्टी के भीतर से ही उन्हें नसीहत दी गई है। ...
Bihar Politics: पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से JDU प्रत्याशी नीरज कुमार के खिलाफ पार्टी विधायक अनंत सिंह के खुले विरोध के बीच अब पार्टी के भीतर से ही उन्हें नसीहत दी गई है। नालंदा के सांसद कौशलेंद्र कुमार ने अनंत सिंह के रुख पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पार्टी में रहते हुए पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ मोर्चा खोलना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि JDU ने नीरज कुमार को अपना उम्मीदवार बनाया है और पार्टी का फैसला सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के लिए अहम होना चाहिए।
सांसद कौशलेंद्र कुमार ने अनंत सिंह की राजनीतिक पहचान का जिक्र करते हुए कहा, “अनंत सिंह बाहुबली हैं, यह हम सब जानते हैं। उन्होंने निर्दलीय और राजद के टिकट पर भी चुनाव जीता है। शायद उन्हें लगता है कि वह जो कहेंगे, वही होगा। लेकिन पार्टी में रहकर बगावत नहीं करनी चाहिए।”
कौशलेंद्र कुमार ने कहा कि JDU ने नीरज कुमार को पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से अधिकृत प्रत्याशी बनाया है। उनके मुताबिक पार्टी का निर्णय सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं के लिए सर्वोपरि होना चाहिए। उन्होंने कहा कि नीरज कुमार को पार्टी ने टिकट दिया है और उन्हें चुनाव जीतने से कोई नहीं रोक सकता।दरअसल, JDU ने 23 सितंबर को नीरज कुमार को पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से अपना प्रत्याशी घोषित किया था। इसके बाद मोकामा विधायक अनंत सिंह ने नीरज कुमार के खिलाफ खुलकर अपना रुख जाहिर किया और जन सुराज समर्थित प्रत्याशी अनुज सिंह को समर्थन देने का ऐलान किया।
विवाद उस वक्त और खुलकर सामने आया, जब अनंत सिंह 1 अक्टूबर को अनुज सिंह के नामांकन में शामिल हुए और उनके समर्थन में निकले जुलूस में भी नजर आए। उन्होंने नीरज कुमार के खिलाफ अपने विरोध को दोहराया और अनुज सिंह के समर्थन की बात कही।इस घटनाक्रम के बाद JDU के भीतर भी मामले को लेकर चर्चा तेज हुई है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की ओर से कहा गया है कि अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच चल रहा विवाद पार्टी नेतृत्व के संज्ञान में है और इसे बातचीत के जरिए सुलझाने की कोशिश की जा रही है।
पटना स्नातक एमएलसी चुनाव अब केवल प्रत्याशियों के बीच मुकाबले तक सीमित नहीं दिख रहा है, बल्कि JDU के भीतर अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच लंबे समय से चले आ रहे मतभेद भी चर्चा के केंद्र में हैं। एक तरफ पार्टी नेतृत्व नीरज कुमार को अधिकृत प्रत्याशी बताकर संगठन के समर्थन की बात कर रहा है, वहीं अनंत सिंह ने सार्वजनिक तौर पर उनके विरोधी उम्मीदवार का साथ दिया है।अब सांसद कौशलेंद्र कुमार के बयान से इस विवाद में पार्टी के अंदर से एक और स्पष्ट प्रतिक्रिया सामने आई है। हालांकि, अनंत सिंह के रुख पर पार्टी नेतृत्व आगे क्या कदम उठाता है, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पटना स्नातक सीट पर मतदान 23 अक्टूबर को होना है और मतगणना 27 अक्टूबर को होगी।
रिपोर्ट- राज पाण्डेय