ट्रेन आने से पहले पटरी पर पलटा टोटो, स्थानीय लोगों और ट्रैफिक पुलिस मदद से टला बड़ा हादसा

Nalanda : जिले के बख्तियारपुर–राजगीर रेल खंड के सोहसराय हॉल्ट रेलवे क्रॉसिंग पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। ट्रेन के आने से ठीक पहले एक टोटो (ई-रिक्शा) अचानक पटरी पर पलट गया, जिससे कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी मच गई।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पलामू एक्सप्रेस के गुजरने के तुरंत बाद दूसरी ट्रेन आने वाली थी। इसी बीच टोटो चालक का संतुलन बिगड़ गया और टोटो पटरी पर पलट गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और ट्रैफिक पुलिस के जवान ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत टोटो को सीधा कर पटरी से हटाया। करीब पांच मिनट तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही, लेकिन समय रहते स्थिति को संभाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।


गेटमैन ने बताया कि इस क्रॉसिंग पर लोगों की लापरवाही अक्सर खतरे को बढ़ा देती है। गेट बंद होने के दौरान भी कई लोग जल्दबाजी में जबरन पार करने की कोशिश करते हैं। मना करने पर उन लोगों के साथ अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज तक की जाती है। अगर समय रहते लोग सतर्क न हों, तो कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है।


वहीं, स्थानीय सुरेश प्रसाद , दिवाकर , मिथुन, प्रदीप व अन्य लोगों का कहना है कि रेलवे क्रॉसिंग के पास सड़क की स्थिति बेहद जर्जर है, जिसके कारण वाहन अक्सर असंतुलित होकर पटरी पर फंस जाते हैं या पलट जाते हैं। कई बार इस वजह से लोग चोटिल भी हो चुके हैं।


इसके अलावा, इस व्यस्त रेलखंड पर लगातार ट्रेनों का आवागमन होने के कारण क्रॉसिंग पर लंबा जाम लग जाता है। जाम और सुरक्षा जांच के कारण आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। शादी समारोह में शामिल होने जा रहे लोगों को समय पर पहुंचने में दिक्कत होती है, वहीं मरीजों को डॉक्टर के पास ले जाने में भी देरी हो जाती है। कई बार एंबुलेंस तक जाम में फंस जाती है, जिससे मरीजों की हालत और गंभीर हो जाती है।


प्रगति यात्रा के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा यहां रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का शिलान्यास किया गया था, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। अगर जल्द आरओबी का निर्माण हो जाए, तो इस तरह की समस्याओं से निजात मिल सकती है।


बख्तियारपुर राजगीर रेल खंड पर ट्रेनों की आवाजाही अधिक होने के कारण इस क्रॉसिंग पर दिनभर वाहनों की लंबी कतार लगी रहती है।