Bihar News : राजगीर में सनसनीखेज वारदात का वीडियो वायरल, प्रेमी ने बाइक से प्रेमिका को 100 मीटर तक घसीटा, अमीन गिरफ्तार

Bihar News : नालंदा में प्रेमी ने युवती को सड़क पर बाइक से 100 मीटर तक घसीटा. जिसके बाद लोगों ने उसे पकड़कर धुन दिया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है.......पढ़िए आगे

प्रेमिका को घसीटा - फोटो : RAJ

NALANDA : सोशल मीडिया पर इन दिनों एक हैरान कर देने वाला वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवक तेज रफ्तार बाइक चलाते हुए एक युवती को सड़क पर काफी दूर तक घसीटता दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि यह घटना राजगीर थाना क्षेत्र की है और वीडियो चार-पांच दिन पुराना है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवती राजगीर थाना क्षेत्र की निवासी है, जबकि आरोपी युवक नवादा जिले का रहने वाला बताया जा रहा है। वह नारदीगंज अंचल कार्यालय में अमीन के पद पर कार्यरत है। दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था। युवती का आरोप है कि युवक ने उससे शादी का वादा किया था, लेकिन बाद में वह अपने वादे से पीछे हट गया।

बताया जाता है कि कुछ दिन पहले दोनों की राजगीर में मुलाकात हुई थी। इसी दौरान शादी को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद के बाद युवक बाइक लेकर वहां से निकलने लगा। युवती ने उसे रोकने के लिए बाइक पकड़ ली, लेकिन युवक ने वाहन रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी। इससे युवती करीब 100 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई। कुछ दूरी पर बाइक असंतुलित होकर पलट गई, जिससे युवक भी गिर पड़ा।

घटना देखकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया। आक्रोशित लोगों ने उसकी पिटाई भी कर दी। वायरल वीडियो में युवक लोगों से यह कहते हुए सुनाई देता है कि "यह मेरी पत्नी है, यह हमारा घरेलू मामला है।" वहीं, पुलिस की शुरुआती जांच में दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है। राजगीर थानाध्यक्ष अभिजीत कुमार ने बताया कि मामला शादी के विवाद से जुड़ा है। पीड़िता ने नवादा जिले के नारदीगंज थाने में लिखित आवेदन दिया है। शिकायत के आधार पर पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

राज की रिपोर्ट