पूर्व सीएम नीतीश कुमार के 'ड्रीम प्रोजेक्ट' की प्रगति देखने पहुंचे मंत्री और सांसद, गुणवत्ता और समय सीमा को लेकर दिए सख्त निर्देश

Bihar News : पूर्व सीएम नीतीश कुमार के ड्रीम प्रोजेक्ट मेंं नालंदा जिले का कोसुक रिवर फ्रंट भी शामिल है। इस निर्माणाधीन प्रोजेक्ट के कार्य प्रगति का आज मंत्री श्रवण कुमार और सांसद कौशलेन्द्र कुमार ने निरीक्षण किया और कई जरुरी निर्देश दिए....

कोसुक रिवर फ्रंट के कार्यों की प्रगति का जायजा लेते मंत्री श्रवण कुमार और सांसद कौशलेंद्र कुमार - फोटो : राज

Nalanda : बिहारशरीफ नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 49 में निर्माणाधीन कोसुक रिवर फ्रंट के कार्यों की प्रगति का जायजा लेने के लिए क्षेत्रीय विधायक सह बिहार सरकार के ग्रामीण विकास एवं सूचना जनसंपर्क विभाग के मंत्री श्रवण कुमार और स्थानीय सांसद कौशलेंद्र कुमार ने संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों जनप्रतिनिधियों ने घाटों के निर्माण, वॉक-वे और सौंदर्यीकरण के चल रहे कार्यों को बारीकी से देखा। अधिकारियों को काम में तेजी लाने का निर्देश देते हुए मंत्री ने कहा कि विकास की यह योजना न केवल शहर की सूरत बदलेगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी मील का पत्थर साबित होगी।


पूर्व सीएम नीतीश कुमार सच्चे अर्थों में आधुनिक बिहार के शिल्पकार : श्रवण कुमार 

निरीक्षण के उपरांत जनसभा को संबोधित करते हुए मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि कोसुक रिवर फ्रंट पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का एक बेहद महत्वपूर्ण ड्रीम प्रोजेक्ट रहा है। उनके विजन के कारण ही अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को सहेजते हुए बिहार आज विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना और महिला सशक्तिकरण सहित हर क्षेत्र में उनके नेतृत्व में अभूतपूर्व और ऐतिहासिक कार्य हुए हैं, जो यह साबित करते हैं कि वे सच्चे अर्थों में आधुनिक बिहार के शिल्पकार हैं।


निर्माण एजेंसी और विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश

मंत्री श्रवण कुमार ने रिवर फ्रंट की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह सिर्फ सुंदरता बढ़ाने का कोई प्रोजेक्ट नहीं है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और पर्यटन विकास की दिशा में उठाया गया एक मजबूत कदम है। उन्होंने मौके पर मौजूद निर्माण एजेंसी और विभागीय अधिकारियों को कड़े लहजे में निर्देशित किया कि काम की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर कोई समझौता नहीं होना चाहिए और पूरा प्रोजेक्ट तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने स्थानीय जनता से भी अपील की कि नदियों को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त रखना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।


रिवर फ्रंट तैयार होने पर क्षेत्र में पैदा होंगे रोजगार के अवसर

योजना की खूबियों की चर्चा करते हुए मंत्री ने कहा कि यहां घाट, अत्याधुनिक वॉक-वे, आकर्षक लाइटिंग और बड़े पैमाने पर हरियाली विकसित करने का काम किया जा रहा है, ताकि यह स्थानीय लोगों के साथ-साथ दूर-दराज से आने वाले पर्यटकों को भी अपनी ओर आकर्षित करे। इस रिवर फ्रंट के पूरी तरह तैयार होने से आसपास के पूरे क्षेत्र में रोजगार के कई नए अवसर पैदा होंगे और स्थानीय लोगों को सुबह-शाम टहलने के लिए एक सुंदर और प्रदूषण मुक्त स्थान मिल सकेगा। वहीं, सांसद कौशलेंद्र कुमार ने कहा कि यह ऐतिहासिक प्रोजेक्ट बिहारशरीफ और पूरे जिले के वासियों के लिए एक बड़ा वरदान साबित होगा, जिससे आने वाले समय में शहरवासियों के साथ-साथ आसपास के किसानों को भी काफी आर्थिक लाभ मिलेगा।


इस विशेष निरीक्षण और समीक्षा कार्यक्रम के अवसर पर भारी संख्या में स्थानीय गणमान्य लोग और राजनीतिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इनमें मुख्य रूप से गुलरेज अंसारी, प्रवक्ता डॉ. धनंजय कुमार देव, प्रखंड अध्यक्ष संजय कुशवाहा, मुन्ना कुमार, सचिन पटेल, संजय प्र. कुशवाहा, भोला प्र., मुन्ना मांझी, अमित कुमार रिक्की, रविन्द्र कुशवाहा, सकलदीप प्र., वरण केवट, डेजी देवी, इंदू देवी, बिट्टू कुशवाहा, जयन्त शर्मा, रामवृक्ष प्रसाद, मुन्ना पासवान, गुलशन कुशवाहा और अमरेश कुमार सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे, जिन्होंने इस प्रोजेक्ट के लिए सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।


राज की रिपोर्ट