नालंदा में मॉब लिंचिंग : चोरी के आरोप में पकड़े गए दो युवकों की जमकर पिटाई, दोनों की हुई मौत

राजगीर डीएसपी संजीत कुमार गुप्ता ने बताया कि थाना को सूचना मिली कि झुनकिया बाबा मंदिर के पास दो व्यक्तियों को चोरी करते हुए स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया है। इसके बाद भीड़ ने उनकी जमकर पिटाई कर दी

Mob lynching in Rajgir - फोटो : news4nation

Bihar News:  राजगीर थाना क्षेत्र के झुनकिया बाबा मंदिर के समीप चोरी के आरोप में पकड़े गए दो युवकों की कथित तौर पर भीड़ द्वारा की गई पिटाई के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना सोमवार की सुबह हुई। दोनों युवकों को गंभीर हालत में पहले अनुमंडलीय अस्पताल राजगीर और बाद में पीएमसीएच पटना भेजा गया था, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।


राजगीर डीएसपी संजीत कुमार गुप्ता ने बताया कि थाना को सूचना मिली कि झुनकिया बाबा मंदिर के पास दो व्यक्तियों को चोरी करते हुए स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया है। सूचना मिलते ही थाना की गश्ती टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने देखा कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े हुए हैं और स्थानीय लोगों ने उन्हें पकड़ रखा है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बिना देर किए दोनों को उपचार के लिए अनुमंडलीय अस्पताल राजगीर पहुंचाया।


अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों की हालत नाजुक बताते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान दोनों युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान दीपनगर थाना क्षेत्र के गंजपर निवासी अमरदीप पासवान के 22 वर्षीय पुत्र पिंटू और नरेश पासवान की 22 वर्षीय पुत्र श्रवण कुमार के रूप में हुई है।


स्थानीय लोगों की माने तो दोनों युवकों पर चोरी का संदेह जताते हुए लोगों ने उन्हें पकड़ लिया था। इसके बाद भीड़ ने उनकी जमकर पिटाई कर दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। हालांकि पुलिस अभी पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना किन परिस्थितियों में हुई तथा इसमें कितने लोग शामिल थे।


घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। मामले में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।


दोनों युवकों की मौत की खबर मिलते ही उनके परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन शव के पटना से आने का इंतजार करते रहे। गांव में भी शोक का माहौल है। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।


डीएसपी ने कहा कि कानून को अपने हाथ में लेने की किसी को अनुमति नहीं है। यदि किसी व्यक्ति पर अपराध का संदेह हो तो उसकी सूचना पुलिस को देनी चाहिए। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह घटना एक बार फिर भीड़ द्वारा कानून हाथ में लेने की प्रवृत्ति पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

राज की रिपोर्ट