Bihar News: नालंदा के कलाकार ने स्टील में गढ़ा क्रिकेट का गौरव, ईशान किशन को भेंट करेंगे टी-20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी की अनूठी प्रतिकृति
Bihar News:नालंदा के युवा कलाकार चिंटू कुमार ने अपनी कला का ऐसा शानदार नमूना पेश किया है, जिसने खेल और कला जगत दोनों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।...
Bihar News: बिहार की धरती एक बार फिर अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता के कारण सुर्खियों में है। नालंदा के युवा कलाकार चिंटू कुमार ने अपनी कला का ऐसा शानदार नमूना पेश किया है, जिसने खेल और कला जगत दोनों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। उन्होंने पूरी तरह स्टील से आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी की आकर्षक प्रतिकृति तैयार की है, जिसे वह भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज ईशान किशन को भेंट करने की तैयारी कर रहे हैं।
नालंदा जिले के दरवेशपुरा गांव निवासी चिंटू कुमार वर्तमान में पावापुरी जल मंदिर के समीप रहकर अपनी कला साधना को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा रहे हैं। लगभग दो दशकों से कला और वास्तुशिल्प के क्षेत्र में सक्रिय चिंटू ने सीमित संसाधनों के बावजूद अपनी प्रतिभा के दम पर अलग पहचान बनाई है। उन्होंने पटना आर्ट कॉलेज से स्नातक और राजस्थान विश्वविद्यालय से परास्नातक की शिक्षा प्राप्त की है।
चिंटू कुमार द्वारा निर्मित टी-20 विश्व कप ट्रॉफी की प्रतिकृति अपनी बारीक नक्काशी, चमकदार फिनिशिंग और वास्तविक ट्रॉफी से मिलती-जुलती डिजाइन के कारण विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। कलाकार का कहना है कि भारतीय क्रिकेट टीम की विश्व विजेता उपलब्धियों और खिलाड़ियों के संघर्ष से प्रेरित होकर उन्होंने इस कलाकृति का निर्माण किया है। उनके अनुसार कला केवल सौंदर्य प्रदर्शन का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र गौरव और प्रेरणादायक व्यक्तित्वों को सम्मान देने का सशक्त जरिया भी है।
दिलचस्प बात यह है कि यह पहली बार नहीं है जब चिंटू कुमार ने क्रिकेट और कला को एक साथ जोड़ने का प्रयास किया है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2011 में जब भारत ने वनडे विश्व कप जीता था, तब उन्होंने पत्थर पर नक्काशी कर विश्व कप ट्रॉफी की प्रतिकृति तैयार की थी और उसे भारतीय टीम के तत्कालीन कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को भेंट किया था। उनकी उस कलाकृति को भी काफी सराहना मिली थी।
अब टी-20 विश्व कप ट्रॉफी की स्टील प्रतिकृति के जरिए वह बिहार के क्रिकेट सितारों को सम्मानित करने का संकल्प लेकर आगे बढ़ रहे हैं। चिंटू का कहना है कि बिहार ने हाल के वर्षों में कई प्रतिभाशाली क्रिकेटर देश को दिए हैं। उन्होंने विशेष रूप से ईशान किशन, वैभव सूर्यवंशी, साकिब हुसैन और मुकेश कुमार का उल्लेख करते हुए कहा कि इन खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन कर बिहार का मान बढ़ाया है।
रिपोर्ट- राज पाण्डेय