Bihar Crime: पेट्रोल लेकर पहुंचा शरारती बच्चा, स्कूल बस को किया आग के हवाले, CCTV में कैद हुई पूरी करतूत

Bihar Crime:एक शरारती बच्चे ने पेट्रोल छिड़ककर स्कूल बस में आग लगा दी। देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया...

शरारती बच्चे ने स्कूल बस में लगाई आग- फोटो : RAJ

Nalanda: थाना क्षेत्र के कपटिया मोड़ स्थित आईपीएस स्कूल परिसर में रविवार को एक हैरान करने वाली घटना सामने आई, जहां एक शरारती बच्चे ने पेट्रोल छिड़ककर स्कूल बस में आग लगा दी। देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही देर में बस जलकर राख हो गई। गनीमत यह रही कि घटना के वक्त बस में कोई मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

जानकारी के अनुसार रविवार सुबह स्कूल परिसर में खड़ी बस से अचानक धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी बस धू-धू कर जलने लगी। बस में लगी आग को देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने का प्रयास किया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह खाक हो चुकी थी।

घटना के बाद स्कूल प्रबंधन ने परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक बच्चा हाथ में बोतल लेकर स्कूल परिसर में दाखिल होता दिखाई दिया। बताया जा रहा है कि बोतल में पेट्रोल भरा हुआ था। बच्चा बस के पीछे पहुंचा, वहां पेट्रोल छिड़का और आग लगाकर मौके से फरार हो गया। उसकी पूरी हरकत कैमरे में कैद हो गई है, जो अब पुलिस जांच का अहम आधार बन गई है।

स्कूल के प्राचार्य रोहित कुमार ने बताया कि मामले की सूचना तत्काल पुलिस को दे दी गई है और लिखित शिकायत भी दर्ज कराई गई है। वहीं नालंदा थानाध्यक्ष ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बच्चे की पहचान करने की कोशिश की जा रही है तथा सभी पहलुओं पर जांच जारी है।

इस घटना के बाद स्कूल प्रबंधन और स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि यदि आग आसपास खड़े अन्य वाहनों या स्कूल भवन तक फैल जाती, तो भारी नुकसान हो सकता था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

रिपोर्ट- राज पाण्डेय