Bihar Diwali Fire Accident: पटाखे की चिंगारी से टेंट गोदाम में लगी भीषण आग, जान बचा कर भागने लगे लोग

Bihar Diwali Fire Accident:आग की ऊंची लपटों ने आसपास के कई घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई।....

गोदाम में लगी भीषण आग- फोटो : reporter

Bihar Diwali Fire Accident: दीपावली के उल्लास के बीच बिहारशरीफ के मोगल कुआं मोहल्ले में पटाखे की चिंगारी ने बड़ा हादसा कर दिया। सोहसराय थाना क्षेत्र स्थित मिश्रा टेंट हाउस के गोदाम में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान धू-धूकर जलने लगा। आग की ऊंची लपटों ने आसपास के कई घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। आग फैलने के भय से लोग अपने घरों से निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दीपावली की रात गोदाम के आसपास कुछ बच्चे पटाखे जला रहे थे। इसी दौरान एक पटाखे की चिंगारी गोदाम के भीतर जा गिरी। वहां रखे टेंट के कपड़े और अन्य ज्वलनशील सामान में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे गोदाम को अपनी गिरफ्त में ले लिया। कुछ ही मिनटों में आग की लपटें इतनी तेज हो गईं कि आसपास के मकानों तक पहुंच गईं।

कूलर, टेबल, कुर्सियां और टेंट के कपड़े जलकर राख

गोदाम में शादी-विवाह और अन्य आयोजनों में इस्तेमाल होने वाले टेंट के सामान रखे हुए थे। आग की चपेट में आने से कूलर, टेबल, कुर्सियां, टेंट के कपड़े और अन्य जरूरी सामग्री पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई। आग की भयावहता देखकर स्थानीय लोग भी अपने स्तर से पानी और अन्य संसाधनों की मदद से आग बुझाने में जुट गए, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि उनके प्रयास नाकाफी साबित हुए।

संकरी गलियों में दमकल को पहुंचने में हुई देरी

घटनास्थल शहर के घनी आबादी वाले इलाके में स्थित है। यहां की संकरी गलियों के कारण दमकल वाहनों को मौके तक पहुंचने में काफी कठिनाई हुई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि अग्निशमन विभाग को सूचना देने के करीब 45 मिनट से एक घंटे बाद दमकल की टीम घटनास्थल पर पहुंची। दमकल पहुंचने में हुई देरी को लेकर मोहल्ले के लोगों में नाराजगी भी देखी गई।हालांकि, घटनास्थल पर पहुंचने के बाद दमकल कर्मियों ने मोर्चा संभाला और काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। लेकिन तब तक गोदाम में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था। आसपास के कई मकानों को भी आग से नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है।

20 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान, जानमाल की क्षति नहीं

इस अगलगी में करीब 20 लाख रुपये मूल्य के टेंट और अन्य सामान के जलने का अनुमान लगाया जा रहा है। आग की चपेट में आसपास के घरों के आने से स्थानीय परिवारों को भी नुकसान उठाना पड़ा है। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है।

अग्निशमन अधिकारी ने बताई देरी की वजह

फायर ब्रिगेड के अधिकारी कृष्ण मुरारी प्रसाद ने बताया कि बिहारशरीफ के भीड़भाड़ वाले इलाके और संकरी गलियों के कारण दमकल वाहनों को घटनास्थल तक पहुंचने में समय लगा। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर काफी प्रयास किया और आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। दीपावली के दौरान हुई इस घटना ने एक बार फिर पटाखे जलाने में सावधानी और अग्नि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की जरूरत को उजागर किया है। विशेषज्ञों के अनुसार, ज्वलनशील सामग्री के आसपास आतिशबाजी करना बेहद जोखिमपूर्ण हो सकता है। ऐसे में लोगों को खुले और सुरक्षित स्थानों पर ही पटाखे जलाने चाहिए, ताकि त्योहार की खुशियां किसी बड़े हादसे में तब्दील न हों।

ऱिपोर्ट- राज पाण्डेय