Bihar Rainbow Bridge: 1.50 करोड़ में तैयार हुआ इंद्रधनुषी ब्रिज, पंचाने नदी पर बना पुल बना लोगों के आकर्षण का केंद्र

Bihar Rainbow Bridge: पंचाने नदी पर अब इंद्रधनुषी रंगों से सजा नया पुल लोगों के आकर्षण का केंद्र बनने जा रहा है।

इंद्रधनुषी ब्रिज तैयार- फोटो : reporter

Bihar  Rainbow Bridge: पंचाने नदी पर अब इंद्रधनुषी रंगों से सजा नया पुल लोगों के आकर्षण का केंद्र बनने जा रहा है। नालंदाआशानगर स्थित सूर्य मंदिर के पास जिले का पहला इंद्रधनुषी पुल बनकर लगभग तैयार हो गया है। करीब 1.50 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस पुल के शुरू होने के बाद आशानगर और बसारबिगहा के लोगों को नदी के आर-पार पैदल आवागमन में बड़ी सहूलियत मिलेगी।

फिलहाल पुल पर अंतिम चरण का काम चल रहा है। फाइनल टच का काम पूरा होते ही इसे आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। पुल बनने से दोनों इलाकों के बीच आवागमन का सीधा रास्ता उपलब्ध होगा और लोगों को लंबा चक्कर लगाने से निजात मिलेगी।

इस इंद्रधनुषी पुल का निर्माण मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना के तहत बिहार अर्बन डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (बुडको) के माध्यम से कराया गया है। बुडको के सहायक अभियंता कुंदन कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पुल का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और अब सिर्फ अंतिम चरण का काम बाकी है। इसके पूरा होते ही लोगों को पुल की सुविधा मिलने लगेगी।

पुल शुरू होने के बाद आशानगर और बसारबिगहा के लोगों को एक-दूसरे इलाके में जाने के लिए किसान कॉलेज मार्ग से घूमकर लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। पंचाने नदी को सीधे पैदल पार करने का रास्ता मिलने से रोजमर्रा के काम से आने-जाने वाले लोगों के साथ किसानों और आसपास के ग्रामीणों को भी फायदा होगा।नदी के दूसरी तरफ स्थित इलाकों में पहुंचने के लिए अब लोगों का समय और दूरी दोनों बचेंगे। खासकर पैदल आने-जाने वाले लोगों के लिए यह पुल काफी उपयोगी साबित होने की उम्मीद है।

आशानगर स्थित सूर्य मंदिर में छठ महापर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में यह पुल छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं के लिए भी बड़ी सुविधा लेकर आएगा। आशानगर और आसपास के इलाकों से सूर्य मंदिर तथा छठ घाट पहुंचने वाले लोगों को अब लंबा रास्ता तय नहीं करना पड़ेगा।नदी के ऊपर सीधे पैदल आवागमन का रास्ता मिलने से पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही अधिक सुगम होने की उम्मीद है।

पुल को आकर्षक इंद्रधनुषी रंगों में तैयार किया गया है। पंचाने नदी के ऊपर इस तरह का पुल जिले में पहली बार बनाया गया है। पुल चालू होने के बाद यह स्थानीय लोगों के लिए आवागमन का साधन बनने के साथ-साथ इलाके के सौंदर्य में भी इजाफा करेगा।पूर्व मेयर सुधीर कुमार ने बताया कि स्थानीय विधायक डॉ. सुनील कुमार की अनुशंसा पर पुल का निर्माण कराया गया है। उन्होंने कहा कि आशानगर और बसारबिगहा के लोगों की लंबे समय से चली आ रही आवागमन की समस्या को देखते हुए यह पुल एक उपयोगी पहल है। इससे दोनों इलाकों के लोगों को नदी के आर-पार जाने के लिए सीधा और सुविधाजनक रास्ता मिल सकेगा।

रिपोर्ट- राज पाण्डेय