Nalanda kidnapping case: नालंदा में 18 साल की युवती के अपहरण का खुलासा! मानव तस्करी गिरोह से जुड़े 4 आरोपी गिरफ्तार
Nalanda kidnapping case: नालंदा में 18 साल की युवती के अपहरण मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। युवती को इस्लामपुर से बरामद किया गया और मानव तस्करी से जुड़े गिरोह की महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
Nalanda kidnapping case: नालंदा के लहेरी थाना पुलिस ने 18 साल की युवती के अपहरण के मामले का खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने युवती को इस्लामपुर से सुरक्षित बरामद कर लिया है। इस मामले में ह्यूमन ट्रैफिकिंग गिरोह से जुड़ी एक महिला समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, युवती शेखपुरा जिले के बरबीघा की रहने वाली है। वह 4 अगस्त को अपनी मां के साथ रामचंद्रपुर में मानसिक स्वास्थ्य का इलाज कराने आई थी। इसी दौरान वह रास्ता भटककर बस स्टैंड पहुंच गई।
पुलिस का आरोप है कि इसी दौरान गिरोह की महिला उषा देवी ने युवती को रूमाल सुंघाकर बेहोश कर दिया। इसके बाद उसे ऑटो से बाढ़ के उमानाथ इलाके में ले जाया गया। पुलिस के अनुसार, वहां सुधीर सिंह और बिरेंद्र उर्फ बिल्लू भी उनके साथ थे।
50 हजार रुपये में युवती को बेचने का आरोप
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने युवती को इस्लामपुर के सोहजना गांव निवासी 50 वर्षीय दिलीप सिंह को 50 हजार रुपये में बेच दिया। आरोप है कि दिलीप सिंह ने युवती से जबरन शादी की और उसे अपने घर में बंधक बनाकर रखा। युवती की मां ने बेटी के लापता होने के बाद बरबीघा थाने में जीरो एफआईआर दर्ज कराई थी। यह मामला 1 सितंबर को लहेरी थाना पुलिस के पास पहुंचा। इसके बाद पुलिस ने युवती की तलाश शुरू की।
पुलिस को बाढ़ में होने का मिला सुराग
लहेरी थानाध्यक्ष रंजीत कुमार रजक ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को युवती के बाढ़ में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने सुराग के आधार पर कार्रवाई करते हुए युवती को बरामद किया और कथित गिरोह तक पहुंची। पुलिस के मुताबिक, युवती को बेचने से मिले 50 हजार रुपये में से 30 हजार रुपये सुधीर सिंह को दिए गए थे। वहीं, उषा देवी और बिरेंद्र सिंह को 10-10 हजार रुपये मिले थे।
चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में पटना जिले के पंडारक थाना क्षेत्र के मानिकपुर निवासी उषा देवी, दयालचक निवासी सुधीर सिंह, मानिकपुर निवासी बिरेंद्र सिंह और इस्लामपुर के सोहजना गांव निवासी दिलीप सिंह को गिरफ्तार किया है। युवती को बरामद करने के लिए बनाई गई पुलिस टीम में लहेरी थानाध्यक्ष रंजीत कुमार रजक के अलावा दारोगा संजीव कुमार, नीतीश रंजन, अनिता कुमारी और सिपाही झुन्नू कुमार शामिल थे। पुलिस अब मामले में आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस गिरोह से जुड़े और कितने लोग इस तरह की घटनाओं में शामिल हैं।
नालंदा से राज की रिपोर्ट