पदभार संभालते ही एक्शन में दिखे नालंदा के नए एसपी हृदयकांत, अपराधियों को लेकर कही यह बड़ी बात

नालंदा जिले के नये एसपी हृदयकांत ने शुक्रवार को औपचारिक रूप से अपना पदभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालते ही उन्होंने जिले मे अपराध पर नियंत्रण और आम जनता में पुलिस का विश्वास कायम करना अपनी प्रथम प्राथमिकता बताया....

पदभार संभालते ही एक्शन में नालंदा के नए एसपी हृदयकांत- फोटो : राज

Nalanda : जिले के नए पुलिस अधीक्षक (SP) हृदयकांत ने शुक्रवार को औपचारिक रूप से अपना पदभार ग्रहण कर लिया। समाहरणालय पहुंचने पर नालंदा पुलिस के जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर की सलामी दी। पदभार संभालने के बाद एसपी ने जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने, अपराध पर प्रभावी नियंत्रण, शराबबंदी को सख्ती से लागू करने और राजगीर-नालंदा आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा को अपनी मुख्य प्राथमिकता बताया।


आम जनता में पुलिस का विश्वास कायम करना प्राथमिकता

एसपी हृदयकांत ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता आम नागरिकों में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ाना और अपराधियों में कानून का डर कायम करना है। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्यशैली ऐसी होगी जिससे अपनी शिकायत लेकर थाने आने वाले हर फरियादी को न्याय का भरोसा मिले। पुलिस पदाधिकारियों को पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ काम करने के निर्देश दिए गए हैं।


अपराध नियंत्रण के लिए गश्ती व्यवस्था होगी मजबूत

एसपी ने स्पष्ट किया कि अपराध होने के बाद कार्रवाई करने से बेहतर है कि अपराध को घटने ही न दिया जाए। इसके लिए शहर से लेकर गांवों तक चौक-चौराहों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस की मुस्तैदी बढ़ाई जाएगी। 24 घंटे प्रभावी गश्ती व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी ताकि आम नागरिक सुरक्षित महसूस कर सकें और आपराधिक तत्वों पर लगाम कसी जा सके।


शराबबंदी और सूखे नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी

बिहार सरकार की प्राथमिकताओं का जिक्र करते हुए एसपी ने कहा कि नालंदा में शराबबंदी कानून को पूरी सख्ती से लागू कराया जाएगा। शराब माफिया के साथ-साथ सूखे नशे के काले कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ भी विशेष अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई होगी। नशे के कारोबार में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।


राजगीर और नालंदा में पर्यटकों को मिलेगा भयमुक्त वातावरण

नालंदा की ऐतिहासिक और अंतरराष्ट्रीय पहचान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि राजगीर और नालंदा जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों पर देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। पर्यटकों को सुरक्षित, सुगम और भयमुक्त वातावरण प्रदान करने के लिए विशेष सुरक्षा प्रबंध किए जाएंगे। उन्होंने जनता और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया।


राज की रिपोर्ट