Bihar Health News: सदर अस्पताल में हंगामे के बाद स्वास्थ्य महकमा अलर्ट, लापरवाही पर गिरी गाज, डॉक्टरों को सख्त हिदायत

Bihar Health News: सदर अस्पताल में हाल ही में हुए हंगामे के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार के लिए अस्पताल प्रशासन सक्रिय हो गया है। ...

सदर अस्पताल में हंगामे के बाद स्वास्थ्य महकमा अलर्ट!- फोटो : reporter

Bihar Health News: बिहार के नवादा सदर अस्पताल में हाल ही में हुए हंगामे के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार के लिए अस्पताल प्रशासन सक्रिय हो गया है। सिविल सर्जन डॉ. विनोद चौधरी ने सभी डॉक्टरों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की, जिसमें स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और भविष्य में किसी भी लापरवाही को रोकने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

बैठक के बाद सिविल सर्जन ने बताया कि रविवार को हुई घटना में डॉ. मुकेश कुमार की लापरवाही सामने आई है। इसे गंभीरता से लेते हुए उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए पत्र भेजा गया है और उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

बैठक में इमरजेंसी सेवाओं को लेकर विशेष निर्देश दिए गए। सभी डॉक्टरों को स्पष्ट रूप से कहा गया कि इमरजेंसी वार्ड में हर समय दो डॉक्टर मौजूद रहेंगे। अगली शिफ्ट के डॉक्टर के आने तक ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर वार्ड नहीं छोड़ेंगे। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

बैठक के दौरान डॉक्टरों ने अपनी सुरक्षा को लेकर भी चिंता व्यक्त की। इस पर सिविल सर्जन ने कहा कि कई बार छोटी घटनाओं पर लोग उग्र हो जाते हैं, जिससे डॉक्टरों के बीच भय का माहौल बन जाता है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर इलाज उपलब्ध कराना है और लोगों से शांति व सहयोग बनाए रखने की अपील की।

रिपोर्ट- अमन कुमार