Bihar News : महाबोधि महाविद्यालय नालंदा के नव-निर्मित भवन का पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया उद्घाटन, कई प्रमुख मंत्री और शिक्षाविद रहे मौजूद

Bihar News : बिहार के नालंदा स्थित महाबोधि महाविद्यालय में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें संस्था के नव-निर्मित भवन तथा आई टी ई पी (ITEP) शैक्षणिक सत्र 2026-2030 का आधिकारिक उद्घाटन हुआ।

गृह जिले पहुंचे नीतीश - फोटो : RAJ

NALANDA : महाबोधि महाविद्यालय नालंदा के नव-निर्मित भवन एवं आई टी ई पी शैक्षणिक सत्र 2026-2030 का भव्य उद्घाटन जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार के कर-कमलों द्वारा किया गया।  समारोह में बिहार सरकार के ग्रामीण विकास एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री श्रवण कुमार, सांसद कौशलेंद्र कुमार,मंत्री जमां खान,मुख्य सचेतक संजय गांधी, विधान पार्षद के उपनेता ललन सर्राफ,सचेतक रीना यादव, पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो डॉ. उपेंद्र प्रसाद, महाबोधि महाविद्यालय के सचिव राजेंद्र प्रसाद 38 बिहार बटालियन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल राजेश बहरी उपस्थित रहें। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाबोधि महाविद्यालय, नालंदा के प्राचार्य डॉ. अरविंद कुमार ने की। समारोह का शुभारंभ अतिथियों ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। दीप प्रज्वलन के पश्चात अतिथियों का महाविद्यालय परिवार की ओर से स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

वार्षिक पत्रिका ‘नव चेतना’ का विमोचन 

समारोह के दौरान महाबोधि महाविद्यालय की शिक्षा एवं शोध को समर्पित वार्षिक पत्रिका ‘नव चेतना’ का विमोचन भी  नीतीश कुमार के द्वारा किया गया। पत्रिका में महाविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, शोधपरक लेखों, रचनात्मक अभिव्यक्तियों, सांस्कृतिक एवं सामाजिक गतिविधियों तथा विद्यार्थियों की प्रतिभा को स्थान दिया गया है। नीतीश कुमार ने पत्रिका की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रकाशन विद्यार्थियों के रचनात्मक कौशल को प्रेरित एवं परिमार्जित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों में सृजनात्मकता, चिंतन और अभिव्यक्ति के विकास को भी महत्वपूर्ण बताया।उच्च शिक्षा के विकास पर मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि बिहार में विकास तथा उच्च शिक्षा के विस्तार की दिशा में किए जा रहे प्रयास दूरदर्शी सोच का परिणाम हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज और राज्य के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण आधार है। उच्च शिक्षा संस्थानों में आधारभूत संरचनाओं का विस्तार विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और सुविधाएँ उपलब्ध कराने में सहायक होता है।उन्होंने महाबोधि महाविद्यालय के नव-निर्मित भवन को महाविद्यालय के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि आधुनिक एवं सुविधायुक्त शैक्षणिक वातावरण विद्यार्थियों के ज्ञान, कौशल और व्यक्तित्व विकास को नई दिशा प्रदान कर सकता है।

शिक्षाविद रहे मौजूद 

समारोह में पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय एवं शिक्षा जगत से जुड़े अनेक गणमान्य पदाधिकारी एवं शिक्षाविद् भी उपस्थित रहे। इनमें पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के शिक्षा विभाग के समन्वयक डॉ. कमलनयन प्रसाद, दीपक शर्मा, प्रो. सुधीर कुमार वर्मा, डॉ. कौशलेन्द्र कुमार,इनकी उपस्थिति ने समारोह को शैक्षणिक गरिमा प्रदान की। उपस्थित शिक्षाविदों ने महाबोधि महाविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, आधारभूत संरचना तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। महाविद्यालय के विकास में नव-निर्मित भवन की महत्वपूर्ण भूमिका महाबोधि महाविद्यालय के नव-निर्मित भवन का निर्माण संस्थान की बढ़ती शैक्षणिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए किया गया है। भवन के माध्यम से विद्यार्थियों को बेहतर एवं सुविधायुक्त शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी। यह महाविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों को और अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने के साथ-साथ भविष्य की शैक्षणिक आवश्यकताओं को पूरा करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण आधार प्रदान करेगा। महाविद्यालय प्रबंधन का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ उनकी प्रतिभा एवं व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना है। इसी क्रम में महाविद्यालय में शिक्षा, शोध, एनसीसी, एनएसएस, खेलकूद, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों को निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है। 

महाविद्यालय परिवार ने व्यक्त किया आभार 

समारोह के अंत में महाबोधि महाविद्यालय परिवार की ओर से सभीर सम्मानित अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, विश्वविद्यालय पदाधिकारियों, शिक्षाविदों, शिक्षक-शिक्षकेतर कर्मचारियों, एनसीसी कैडेट्स एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। नव-निर्मित भवन का उद्घाटन संस्थान की विकास-यात्रा में एक महत्वपूर्ण अध्याय है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय का निरंतर प्रयास है कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर आधारभूत सुविधाएँ तथा अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए आवश्यक अवसर उपलब्ध कराए जाएँ।समारोह में उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं एनसीसी कैडेट्स में विशेष उत्साह देखा गया। कार्यक्रम ने महाबोधि महाविद्यालय, नालंदा की शैक्षणिक एवं संस्थागत विकास यात्रा में एक महत्वपूर्ण अवसर के रूप में अपनी पहचान बनाई।

राज की रिपोर्ट