'नीतीश मॉडल' से बदली महिलाओं की तकदीर, नौकरियों और निकायों में मिला आरक्षण : शिवरानी प्रजापति
प्रदेश महिला जदयू अध्यक्ष शिवरानी प्रजापति ने कहा है कि महिलाओं के उत्थान के लिए लागू किया गया 'नीतीश मॉडल' किसी वरदान से कम नहीं है। वर्ष 2005 के बाद से बिहार में महिला सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं....
Nalanda : जिला जदयू महिला प्रकोष्ठ की ओर से बिहारशरीफ के महाराजा पैलेस में जिला कार्यकारिणी की एक महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में प्रदेश महिला जदयू अध्यक्ष सह नवनिर्वाचित विधान पार्षद शिवरानी प्रजापति, विधान परिषद की सचेतक रीना यादव और महिला जदयू की प्रभारी सुप्रिया रानी मुख्य रूप से शामिल हुईं। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सरकार की महिला-केंद्रित योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन की समीक्षा करना था।
'नीतीश मॉडल' से बदली महिलाओं की तकदीर, नौकरियों और निकायों में मिला आरक्षण
समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश महिला जदयू अध्यक्ष शिवरानी प्रजापति ने कहा कि महिलाओं के उत्थान के लिए लागू किया गया 'नीतीश मॉडल' किसी वरदान से कम नहीं है। वर्ष 2005 के बाद से बिहार में महिला सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं। सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 35 प्रतिशत आरक्षण तथा पंचायत एवं नगर निकाय चुनावों में 50 प्रतिशत आरक्षण देकर उन्हें शासन और निर्णय प्रक्रिया में सीधी और बराबर की भागीदारी दी गई है। उन्होंने कहा कि 'जीविका' समूहों के माध्यम से राज्य की लाखों महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं।
शिक्षा प्रोत्साहन योजनाओं से संवर रहा बेटियों का भविष्य
शिवरानी प्रजापति ने शिक्षा के क्षेत्र में हुए बदलावों का जिक्र करते हुए कहा कि छात्राओं के लिए शिक्षण संस्थानों में शुल्क माफी और मैट्रिक, इंटर तथा स्नातक उत्तीर्ण करने पर मिलने वाली प्रोत्साहन राशि जैसी योजनाओं ने बेटियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया है। आज बिहार की बेटियां और महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान स्थापित कर रही हैं।
आधारभूत संरचना और विकास के हर मोर्चे पर आगे बढ़ा बिहार: रीना यादव
विधान परिषद की सचेतक रीना यादव ने अपने संबोधन में कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कुशल नेतृत्व में बिहार ने आधारभूत संरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और पर्यटन के क्षेत्रों में अभूतपूर्व और तेज विकास किया है। सरकार की नीतियां समाज के हर वर्ग को आगे बढ़ाने का काम कर रही हैं।
कार्यक्रम में कई प्रमुख नेत्री रहीं मौजूद
समीक्षा बैठक के दौरान संगठन की मजबूती और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष मधु, जिला अध्यक्ष वसुंधरा कुमारी, नगर अध्यक्ष निरंजन गुप्ता सहित बड़ी संख्या में महिला नेत्री और कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।
राज की रिपोर्ट