जीविका के 20 साल पूरे होने पर ‘नीतीश संवाद’ का आयोजन : समाज कल्याण मंत्री और सांसद ने जीविका के दो दशकों की सफल यात्रा को सराहा

जीविका के 20 साल पूरे होने पर ‘नीतीश संवाद’ का आयोजन- फोटो : राज

Nalanda : जिला मुख्यालय बिहारशरीफ स्थित सम्राट अशोक भवन (सोहडीह) में शुक्रवार को महिला जनता दल यूनाइटेड की ओर से ‘नीतीश संवाद : जीविका के 20 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। जीविका के 20 वर्ष सफलतापूर्वक पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में बिहार सरकार की समाज कल्याण मंत्री श्वेता गुप्ता और नालंदा सांसद कौशलेंद्र कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला जदयू की पूर्व अध्यक्ष अनिता सिन्हा ने की, जबकि मंच संचालन नगर महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष निरंजन गुप्ता ने किया।


बापू और लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर हुई शुरुआत

कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके उपरांत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर उनके चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया गया।


'जब महिला सशक्त होती है, तो पूरा परिवार मजबूत होता है' — श्वेता गुप्ता

समारोह को संबोधित करते हुए समाज कल्याण मंत्री श्वेता गुप्ता ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के दूरदर्शी नेतृत्व में बिहार में महिला सशक्तीकरण को सर्वोपरि प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि जीविका ने पिछले 20 वर्षों में राज्य की करोड़ों महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ सामाजिक नेतृत्व प्रदान करने का काम किया है। पंचायतों व नगर निकायों में आरक्षण, सरकारी नौकरियों में महिलाओं को प्राथमिकता और महिला उद्यमिता प्रोत्साहन योजनाओं ने महिलाओं की तकदीर बदल दी है। मंत्री ने रेखांकित किया कि आज बिहार का 'जीविका मॉडल' पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत बन चुका है।

'जीविका ने ग्रामीण समाज की बदल दी तस्वीर' — सांसद कौशलेंद्र कुमार

नालंदा सांसद कौशलेंद्र कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि जीविका के दो दशकों के सफल सफर ने बिहार के ग्रामीण परिवेश में एक नई क्रांति ला दी है। आज गांव-गांव की महिलाएं न केवल शिक्षा, बैंक, कृषि और स्वरोजगार से जुड़कर आर्थिक रूप से मजबूत हो रही हैं, बल्कि सामाजिक सुधारों और ग्राम विकास में भी अग्रणी भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने बापू के सत्य, स्वच्छता और ग्राम स्वराज के सपनों को जीविका के माध्यम से साकार होने की बात कही।


2006 से शुरू हुए जीविका मिशन की उपलब्धियों पर हुआ मंथन

कार्यक्रम के दौरान जदयू नेताओं ने वर्ष 2006 में शुरू हुए जीविका के सफर, स्वयं सहायता समूहों (SHG) के विस्तार, बैंकिंग लिंकेज, कृषि, पशुपालन, प्रशिक्षण और सामाजिक जागरूकता अभियानों में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी पर विस्तृत विचार-विमर्श किया।


बड़ी संख्या में महिला जदयू कार्यकर्ता और गणमान्य नेता रहे मौजूद

इस विशेष अवसर पर जदयू जिलाध्यक्ष मो. अरशद, प्रदेश प्रभारी कृष्णा रानी वर्मा, प्रतिभा पटेल, कंचन गुप्ता, वसुंधरा कुमारी, अर्चना सिन्हा, रेखा देवी, उषा सिन्हा, पिंकी देवी, प्रियंका कुमारी, पूनम देवी, अनिता गहलौत, मीरा देवी सहित बड़ी संख्या में महिला जदयू की नेत्री और कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।


राज की रिपोर्ट