हथकड़ी सरकाकर टोटो से कूदा कैदी : 10 मिनट तक गलियों में जवानों के साथ दौड़ता रहा, पुलिस ने खदेड़कर पकड़ा

हथकड़ी सरकाकर टोटो से कूदा कैदी- फोटो : राज

Nalanda : बिहारशरीफ के लहेरी थाना क्षेत्र अंतर्गत रांची रोड में रविवार को पुलिस अभिरक्षा के दौरान एक कैदी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। दीपनगर जेल ले जाने के क्रम में आरोपी ने मौका पाकर अपनी हथकड़ी सरका ली और अचानक टोटो (ई-रिक्शा) से कूदकर पास की तंग गलियों में भाग खड़ा हुआ।


शराब मामले में हुई थी गिरफ्तारी 

पुलिस के अनुसार, पकड़ा गया आरोपी अखिलेश कुमार (निवासी मोनमा, थाना इस्लामपुर) नालंदा मोड़ के पास शराब की खेप के साथ गिरफ्तार किया गया था। सदर अस्पताल में मेडिकल जांच और अदालत में पेशी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में दीपनगर जेल ले जाया जा रहा था, तभी उसने भागने का प्रयास किया।


गलियों में 10 मिनट तक चली भाग-दौड़ 

कैदी के टोटो से कूदते ही साथ चल रहे पुलिस जवानों ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसका पीछा करना शुरू कर दिया। लगभग 10 मिनट तक पुलिस जवान शोर मचाते हुए आरोपी के पीछे गलियों में दौड़ते रहे। जवानों की आवाज सुनकर आसपास के स्थानीय मोहल्लेवासी भी तुरंत सतर्क हो गए और जवानों की मदद में जुट गए।


स्थानीय लोगों की मदद से दबोचा गया आरोपी 

भाग रहे आरोपी को स्थानीय निवासियों ने गली के मोड़ पर चारों तरफ से घेर लिया और पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। इसके बाद पुलिस टीम ने राहत की सांस ली और आरोपी को दोबारा कड़ी सुरक्षा व अभिरक्षा में लेकर जेल रवाना किया।


थानाध्यक्ष का बयान और कानूनी कार्रवाई 

मामले की पुष्टि करते हुए नालंदा थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि आरोपी अखिलेश कुमार के भागते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थानीय लोगों के सहयोग से उसे दोबारा दबोच लिया है। पुलिस द्वारा सभी आवश्यक कागजी प्रक्रियाओं को पूरा करते हुए आरोपी को न्यायिक हिरासत में दीपनगर जेल भेज दिया गया है।


राज की रिपोर्ट