Bihar Crime : नालंदा में प्रणाम कर पिता को सुनसान जगह में ले गया बेटा, फिर सीने में मारी गोली, परिजनों ने संपत्ति विवाद में हत्या का लगाया आरोप

NALANDA : जिले के भागनबिगहा ओपी क्षेत्र अंतर्गत तूफ़ानगंज गांव में बुधवार को रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। संपत्ति विवाद में एक पुत्र पर अपने ही पिता की गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगा है। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई, जबकि परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की पहचान स्वर्गीय धर्म सिंह पासवान के 48 वर्षीय पुत्र बच्चू पासवान के रूप में की गई है। 

परिजनों के अनुसार, बुधवार दोपहर आरोपी पुत्र घर पहुंचा और पहले पिता को प्रणाम किया। इसके बाद वह उन्हें बातचीत के बहाने घर से कुछ दूरी पर सुनसान इलाके में ले गया, जहां सीने में गोली मार दी। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था। मृतक के पुत्र जितेंद्र पासवान ने बताया कि उसके पिता ने दो शादियां की थीं। पहली पत्नी से एक पुत्र अजब पासवान था, जबकि दूसरी पत्नी गुलाबी देवी से दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं। करीब 25 वर्ष पहले पहली पत्नी ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली थी, जिसके बाद बच्चू पासवान ने दूसरी शादी की थी।

परिजनों का आरोप है कि संपत्ति बंटवारे को लेकर लंबे समय से परिवार में विवाद चल रहा था। बंटवारे के बाद आरोपी अपने परिवार के साथ पटना जिले के फतुहा थाना क्षेत्र के नटेर गांव में रहने लगा था। आरोप है कि बंटवारे में उसे मकान मिला था, जबकि दूसरी पत्नी गुलाबी देवी के हिस्से में जमीन आई थी। इसी बंटवारे से वह नाराज चल रहा था और इसी रंजिश में उसने घटना को अंजाम दिया।

घटना के बाद घायल बच्चू पासवान को आनन-फानन में इलाज के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डीएसपी-2 संजय कुमार जायसवाल ने बताया कि गोलीबारी की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई। प्रारंभिक जांच में पुत्र द्वारा गोली मारने की बात सामने आ रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

राज की रिपोर्ट