Bihar Road Accident: रफ्तार का कहर, तेज बाइक ने ली 6 साल की मासूम की जान, गांव में पसरा मातम

Bihar Road Accident: तेज रफ्तार बाइक ने 6 साल की मासूम को ऐसी टक्कर मारी कि जिंदगी की डोर ही टूट गई।...

रफ्तार का कहर- फोटो : reporter

Nalanda: जिला से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। बेना थाना क्षेत्र के शिवायबिगहा गांव में तेज़ रफ्तार बाइक ने 6 साल की मासूम को ऐसी टक्कर मारी कि जिंदगी की डोर ही टूट गई। इलाज के दौरान बच्ची ने दम तोड़ दिया और पूरे गांव में कोहराम मच गया।

मृतका की पहचान गया जिले के कारूबिगहा निवासी वीरमणि कुमार की 6 वर्षीय बेटी अमृता कुमारी के रूप में हुई है। वह अपने ननिहाल शिवायबिगहा में रहकर पढ़ाई कर रही थी। मंगलवार की शाम मासूम घर के समीप खेल रही थी। इसी दौरान एक बेलगाम बाइक सवार फर्राटा भरते हुए आया और अमृता को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बच्ची लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ी।

घटना के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया। परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में घायल बच्ची को निजी क्लीनिक ले गए। हालत नाजुक देख बुधवार की सुबह उसे पटना रेफर कर दिया गया। इसके बाद परिजन उसे सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। गांव का माहौल मातमी हो गया। लोगों में गुस्सा भी है कि आखिर गांव की गलियों में रफ्तार का यह खौफ कब तक मासूमों की जान लेता रहेगा।

थानाध्यक्ष दिनेश प्रसाद ने बताया कि फरार बाइक सवार की पहचान की कोशिश की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है और आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है।

रिपोर्ट- राज पाण्डेय