Nalanda Crime News : बच्चों का विवाद सुलझाने गए युवक को बदमाशों ने मारी गोली, अस्पताल में चल रहा है इलाज
NALANDA : जिले के रहुई थाना क्षेत्र के हुसैनपुर गांव के खंधा में बच्चों के आपसी विवाद को सुलझाने गए एक युवक को अज्ञात अपराधियों ने गोली मार दी। गोली युवक के जबड़े में लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बिंद थाना क्षेत्र के मसिया डीह गांव निवासी स्व. प्यारे पासवान के पुत्र अजय पासवान है।
परिजनों ने बताया कि गांव में बच्चों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। सूचना मिलते ही अजय मौके पर पहुंचकर मामले को शांत कराने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान विवाद में शामिल एक पक्ष के लोगों ने अचानक राइफल से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी में अजय के जबड़े में गोली लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों की मदद से अजय को आनन-फानन में बिहारशरीफ के मॉडल अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे पावापुरी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है।
विवाद किन-किन पक्षों के बीच हुआ, इस संबंध में अब तक स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। थानाध्यक्ष कुणाल कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है मामले की छानबीन की जा रही है।
नालंदा से राज की रिपोर्ट