नालंदा में दर्दनाक सड़क हादसा: छठ का सामान लेकर लौट रहे युवकों की बाइक की आमने-सामने भिड़ंत, दो की मौत और दो की हालत गंभीर

प्रदेश मे रफ्तार का कहर थमने का नाम नही ले रहा है। आए दिन तेज रफ्तार के कारण मौत की खबर मिलना आम बात हो गई है। ताजा मामला नालंदा जिले से सामने आया है, जहां दो बाइक की आमने-सामने टक्कर में दो युवकों की जान चली गई है.....

सड़क दुर्घटना में दो युवक की मौत- फोटो : राज

Nalanda : जिले के रहुई थाना क्षेत्र के सलमाबाद मोड़ के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। लोक आस्था के महापर्व छठ की तैयारियों के बीच हुई इस भीषण दुर्घटना से मृतकों के परिजनों और पूरे इलाके में कोहराम मच गया है।


छठ पूजा का सामान खरीदकर रहुई बाजार से ओरा गांव लौट रहे थे युवक

घटना के संबंध में बताया जाता है कि ओरा गांव निवासी लवकुश कुमार, रितिक कुमार और गोविंद अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर रहुई बाजार से छठ पूजा का सामान खरीदकर वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान सलमाबाद मोड़ के समीप विपरीत दिशा से आ रही दूसरी बाइक से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों मोटरसाइकिलें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और उस पर सवार सभी लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गए।


सदर अस्पताल में एक की मौत, पटना ले जाने के दौरान दूसरे ने तोड़ा दम

हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए सदर अस्पताल बिहारशरीफ पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों की देखरेख में इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे गंभीर रूप से घायल युवक को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया, जिसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान लवकुश कुमार और रितिक कुमार के रूप में हुई है, जबकि हादसे में जान गंवाने वाले रितिक और घायल गोविंद सगे भाई बताए जा रहे हैं।


थानाध्यक्ष ने की पुष्टि, पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे गए

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। रहुई थानाध्यक्ष ललित विजय ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दो मोटरसाइकिलों के बीच हुई आमने-सामने की टक्कर में दो युवकों की जान गई है और दो अन्य का इलाज चल रहा है। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद उन्हें अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है और मामले की छानबीन की जा रही है।


त्योहारी माहौल में पसरा मातम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

छठ महापर्व की खुशियों और खरीदारी के बीच हुई इस अप्रत्याशित और दर्दनाक घटना ने ओरा गांव को गम में डुबो दिया है। घर के कमाऊ और युवा सदस्यों की अचानक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस हादसे ने एक बार फिर त्योहारी सीजन में सड़कों पर वाहन चलाते समय अत्यधिक सावधानी और यातायात नियमों के पालन की अनिवार्यता को रेखांकित कर दिया है।


राज की रिपोर्ट