Bihar Road Accident : नालंदा में ट्यूशन पढ़ने जा रहे दो बच्चों को अनियंत्रित ट्रैक्टर ने रौंदा, मौके पर हुई मौत, आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम
Bihar Road Accident : नालंदा में ट्यूशन पढ़ने जा रहे दो मासूम बच्चों को एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रैक्टर ने कुचल दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई......पढ़िए आगे
NALANDA : जिले के मानपुर थाना क्षेत्र के सिंग्थू गांव के पास शुक्रवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्यूशन पढ़ने जा रहे दो मासूम बच्चों की जान चली गई। आरोप है कि तेज रफ्तार और नशे में धुत ट्रैक्टर चालक ने पहले उनकी साइकिल में टक्कर मारी, फिर सड़क पर गिरे दोनों बच्चों को कुचल दिया। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने तीन घंटे तक सड़क जाम कर मुआवजा और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क जाम कर बवाल काटा।
मृतकों की पहचान विशुनपर गांव निवासी रामभजन चौहान के आठ वर्षीय पुत्र ऋषिकेश कुमार तथा सिग्थु गांव निवासी रंजीत चौहान के छह वर्षीय पुत्र पंकज कुमार है। ऋषिकेश इन दिनों अपने ननिहाल सिंथु टाड़ापर गांव में रहकर पढ़ाई कर रहा था। हाई स्कूल के समीप ऋषिकेश के मामा गौतम कुमार ट्यूशन पढ़ाते हैं। शुक्रवार शाम दोनों बच्चे एक ही साइकिल से ट्यूशन के लिए निकले थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों बच्चे सड़क पर गिर पड़े और ट्रैक्टर उन्हें कुचलते हुए निकल गया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। मासूम बच्चों के शव देखकर परिवार में कोहराम मच गया। गांव की महिलाओं और परिजनों की चीख-पुकार से पूरा माहौल गमगीन हो गया। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर जुट गए।
आक्रोशित ग्रामीणों ने शाम सात बजे तक सड़क जाम कर दिया। लोगों ने दोषी चालक की तत्काल गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा तथा क्षेत्र में बेलगाम दौड़ रहे ट्रैक्टरों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का कहना था कि यदि नशे में वाहन चलाने वालों पर अंकुश नहीं लगाया गया तो बच्चों का स्कूल और ट्यूशन जाना भी असुरक्षित हो जाएगा। सूचना मिलने पर मानपुर थाना पुलिस और वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है, जबकि चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
सदर डीएसपी-1 अमरनाथ ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा जा रहा है। परिजनों के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फरार चालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
राज की रिपोर्ट