Bihar News: पंचाने डैम में नहाते समय दो युवकों की डूबने से मौत, गांव में मातम
पंचाने डैम में नहाने गए दो युवकों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। वहीं गांववालों की मदद से छह युवकों को बाहर निकाल लिया गया।
Bihar News: नालंदा जिले के राजगीर थाना क्षेत्र के गिरियक घोड़ा कटोरा स्थित पंचाने डैम में नहाने गए दो युवकों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान सिलाव थाना क्षेत्र के करिअन्ना गांव निवासी फैसल आलम और अनस आलम के रूप में हुई है।
ग्रामीणों के अनुसार, बुधवार दोपहर करिअन्ना गांव से आठ युवक पंचाने डैम नहाने गए। पानी में उतरते ही सभी गहरे हिस्से में चले गए और डूबने लगे। पास के लोग शोर सुनकर मदद के लिए पहुंचे और छह युवकों को बाहर निकाल लिया। लेकिन फैसल और अनस की जान नहीं बचाई जा सकी।
घटना की खबर मिलते ही मृतकों के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और गांव में मातम छा गया। परिजन रो-रोकर बेहाल हैं।
सूचना मिलते ही गिरियक थाना अध्यक्ष श्रीकांत कुमार, राजगीर थाना अध्यक्ष रमण कुमार, सिलाव थाना अध्यक्ष मुरली मनोहर आजाद, सिलाव अंचलाधिकारी आकाश दीप सिन्हा और गिरियक अंचलाधिकारी सन्नी कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। राजगीर डीएसपी ने भी घटनास्थल का जायजा लिया।
शाम तक एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाया और डैम में शव की खोजबीन की। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल व्याप्त है।
रिपोर्ट- राज पाण्डेय