Bihar News : नालंदा में आयोजित 'चिंतन शिविर' में केंद्रीय मंत्री ने लॉन्च किया PMJVK निगरानी ऐप, कहा- 'अल्पसंख्यकों के विकास के बिना 2047 का लक्ष्य अधूरा'

NALANDA : नालंदा विश्वविद्यालय में आयोजित अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के 'चिंतन शिविर' के दूसरे दिन गुरुवार को केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम (पीएमजेवीके) निगरानी ऐप लॉन्च किया। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि अल्पसंख्यकों के विकास के बिना वर्ष 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करना संभव नहीं है।

ऐप लॉन्चिंग के अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री जॉर्ज कुरियन, बिहार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमा खान और अन्य राज्यों से आए विभागीय मंत्री उपस्थित थे। इस ऐप के माध्यम से पीएमजेवीके के तहत चल रही योजनाओं की निगरानी की जा सकेगी, जिससे विभागीय कार्यों और इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट में पारदर्शिता सुनिश्चित होगी।

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने पीएमजेवीके को मंत्रालय का एक बेहद महत्वपूर्ण कार्यक्रम बताया। उन्होंने कहा कि शिविर के दौरान विभिन्न राज्यों से आए मंत्रियों और प्रतिनिधियों के साथ इस योजना पर विस्तृत चर्चा की गई है। राज्यों के मंत्रियों ने योजनाओं को धरातल पर और बेहतर तरीके से लागू  करने के लिए अपने आइडिया और सुझाव साझा किए हैं।

सत्र के बाद पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए केंद्रीय मंत्री ने अल्पसंख्यक कल्याण के प्रति सरकार का विजन रखा। उन्होंने कहा कि देश के सभी वर्गों, विशेषकर अल्पसंख्यक समुदाय को विकास की मुख्यधारा में साथ लेकर चलना ही 'सबका साथ, सबका विकास' का वास्तविक अर्थ है। सरकार इसी दिशा में नीतियां बना रही है ताकि अल्पसंख्यकों का सर्वांगीण विकास हो सके।

राज की रिपोर्ट