Bihar Crime: पति बना हैवान, पत्नी की निर्मम हत्या के बाद चाची पर भी धारदार हथियार से हमला, ग्रामीणों ने आरोपी को दबोचा

Bihar Crime: बिहार से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है।...

पति बना हैवान- फोटो : reporter

Bihar Crime: बिहार से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है।  वैशाली जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र के हरिवंशपुर बांथू गांव में एक पति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की हत्या कर दी और इसके बाद घर के बाहर सो रही अपनी चाची पर भी धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर किया गया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

बताया जा रहा है कि आरोपी की पहचान दिलीप मांझी के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, रात में खाना खाने के बाद दिलीप अपनी पत्नी चांदनी देवी और बच्चों के साथ सोने चला गया था। देर रात अचानक उसने अपनी पत्नी पर हमला कर दिया। इस दौरान खून के छींटे उसके बेटे पर भी पड़े, जिससे उसकी नींद खुल गई। आरोप है कि बेटे के जागने के बाद भी आरोपी ने उसे डरा-धमकाकर चुप करा दिया।

इसके बाद आरोपी कमरे से बाहर निकला और घर के बाहर सो रही अपनी चाची धनमन्ती देवी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के दौरान आरोपी ने अपने पिता पर भी हमला करने का प्रयास किया, लेकिन पिता ने दरवाजा नहीं खोला और शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोगों को घटना की भनक लगी, जिसके बाद आरोपी मौके से भाग निकला।

हालांकि, सुबह ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही भगवानपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

परिजनों और स्थानीय लोगों के मुताबिक आरोपी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहने की बात कही जा रही है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की जांच और पूछताछ के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।इस वारदात के बाद गांव में मातम और दहशत का माहौल है। पुलिस हत्या और हमले के कारणों का पता लगाने के साथ-साथ मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

रिपोर्ट-ऋषभ कुमार