विजय सिन्हा का विपक्ष पर तीखा हमला ‘नायक बनने चले थे, जनता ने खलनायक बनने लायक भी नहीं छोड़ा, अनंत सिंह को बताया NDA का अभिभावक
Bihar Politics: बिहार की सियासत में एमएलसी चुनाव को लेकर जुबानी जंग तेज हो गई है। ...
Bihar Politics: बिहार की सियासत में एमएलसी चुनाव को लेकर जुबानी जंग तेज हो गई है। बिहार सरकार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने शनिवार को बिहारशरीफ में एनडीए कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर चुनावी रणनीति पर चर्चा की और पटना निर्वाचन क्षेत्र से प्रत्याशी प्रो. नवल किशोर यादव और नीरज कुमार के समर्थन में मतदान की अपील की। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा और आरोप लगाया कि कांग्रेस तथा राजद संवैधानिक संस्थाओं को निशाने पर लेकर देश में भ्रम और अराजकता का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
विपक्ष पर बरसे विजय सिन्हा, संवैधानिक संस्थाओं को लेकर लगाए आरोप
बिहारशरीफ में एनडीए कार्यकर्ताओं के साथ बैठक के दौरान कृषि मंत्री ने पटना में छात्र संगठनों के विरोध-प्रदर्शन को लेकर विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष झूठ और भ्रम फैलाकर संवैधानिक संस्थाओं के खिलाफ माहौल तैयार कर रहा है। उनके मुताबिक, नौजवानों को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन जनता विपक्ष की मंशा समझ चुकी है।विजय सिन्हा ने कांग्रेस और राजद पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्षों तक सत्ता में रहने वाले इन दलों ने बिहार को कलंकित किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष न्यायालय और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) तथा केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) जैसी जांच एजेंसियों की विश्वसनीयता पर सवाल उठाकर नकारात्मक माहौल बनाने में जुटा है।
‘नायक बनने चले थे, जनता ने खलनायक बनने लायक भी नहीं छोड़ा’
विपक्ष पर हमला बोलते हुए कृषि मंत्री ने तीखे राजनीतिक अंदाज में कहा कि ये लोग नायक बनने चले थे, लेकिन जनता ने इन्हें खलनायक बनने लायक भी नहीं छोड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों की राजनीति का मकसद जनहित के मुद्दों को उठाने के बजाय भ्रम फैलाना और अराजकता को बढ़ावा देना है।मंत्री ने कहा कि देश की जनता पहले भी ऐसी राजनीतिक मानसिकता को जवाब दे चुकी है। उनके इस बयान को विपक्ष के खिलाफ एनडीए के आक्रामक राजनीतिक रुख के तौर पर देखा जा रहा है।
एमएलसी चुनाव में नवल किशोर यादव और नीरज कुमार के लिए मांगा समर्थन
बैठक का मुख्य एजेंडा 23 अक्टूबर को होने वाले एमएलसी चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा करना था। विजय सिन्हा ने पटना निर्वाचन क्षेत्र से प्रो. नवल किशोर यादव और नीरज कुमार के समर्थन में मतदान की अपील की। उन्होंने एनडीए कार्यकर्ताओं से चुनाव में सक्रिय भूमिका निभाने और गठबंधन के प्रत्याशियों के पक्ष में समर्थन जुटाने का आग्रह किया।
अनंत सिंह को बताया एनडीए गठबंधन का अभिभावक
जदयू विधायक अनंत सिंह के बयान को लेकर पूछे गए सवाल पर विजय सिन्हा ने उन्हें एनडीए गठबंधन का अभिभावक बताया। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी गठबंधन के सभी नेताओं और सहयोगी दलों का सम्मान करती है। मंत्री ने गठबंधन की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि सहयोगियों का सम्मान करना उनकी पार्टी की परंपरा है।बिहारशरीफ की इस बैठक के जरिए विजय सिन्हा ने एक तरफ एमएलसी चुनाव में एनडीए प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश की, तो दूसरी तरफ विपक्ष पर हमला बोलकर राजनीतिक संदेश भी दिया। अब चुनाव में गठबंधन की रणनीति और मतदाताओं का रुख नतीजों के लिहाज से अहम होगा।
रिपोर्ट- राज पाण्डेय