Bihar Politics: बंगाल में बदलाव की बयार का दावा, श्रवण कुमार बोले- अबकी बार बीजेपी की सरकार तय
Bihar Politics: नालंदा से उठी सियासी सरगर्मी अब पश्चिम बंगाल तक पहुंच गई है, जहां आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बयानबाज़ी तेज हो गई है।...
Bihar Politics: नालंदा से उठी सियासी सरगर्मी अब पश्चिम बंगाल तक पहुंच गई है, जहां आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बयानबाज़ी तेज हो गई है। बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार ने बड़ा दावा करते हुए कहा है कि जिस तरह बिहार ने कभी जंगलराज से निजात पाकर सत्ता परिवर्तन किया था, ठीक उसी तर्ज पर अब बंगाल में भी क्रांति की आहट साफ सुनाई दे रही है।
मंत्री ने पुराने सियासी दौर का हवाला देते हुए लालू यादव और रबड़ी देवी के शासनकाल को याद किया और कहा कि उस समय जनता बदलाव के लिए बेकरार थी। बाद में नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनी और बिहार में ‘सियासी तस्वीर’ बदल गई। उनका दावा है कि अब वैसा ही माहौल बंगाल में भी बन रहा है।
ममता बनर्जी पर सीधा हमला बोलते हुए श्रवण कुमार ने कहा कि राज्य में हर तबका उनकी सरकार के खौफ और भ्रष्टाचार से परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता अब इस निजाम से छुटकारा चाहती है और आने वाले चुनाव में तृणमूल कांग्रेस महज गिनी-चुनी सीटों तक सिमट जाएगी, जबकि भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में आएगी।एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) के मुद्दे पर भी मंत्री ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि पहले एक ही मतदाता का नाम कई जगह दर्ज होने से चुनावी प्रक्रिया प्रभावित होती थी, लेकिन अब चुनाव आयोग द्वारा फर्जी नाम हटाने से पारदर्शिता बढ़ी है और असली मतदाता अपने अधिकार का सही इस्तेमाल कर सकेंगे।
इसके साथ ही उन्होंने ममता सरकार पर ‘घुसपैठ’ के सहारे सत्ता में बने रहने का आरोप भी लगाया और कहा कि इस बार जनता पूरी तरह बदलाव के मूड में है।चुनावी समर से पहले ही सियासी बयानबाज़ी अपने चरम पर है अब देखना यह होगा कि बंगाल की जनता किसके दावों पर मुहर लगाती है और किसके अरमानों पर पानी फेरती है।
रिपोर्ट- राज पाण्डेय