Nawada Bike Fire: नवादा में चलती बाइक में लगी भीषण आग, युवक ने कूदकर बचाई जान
Nawada Bike Fire: नवादा के स्टेशन रोड पर चलती बाइक में अचानक आग लग गई। युवक ने समय रहते बाइक छोड़कर अपनी जान बचा ली। आग की वजह साफ नहीं है और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
Nawada Bike Fire: बिहार के नवादा में बुधवार को स्टेशन रोड इलाके में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चलती बाइक में अचानक आग लग गई। बाइक चला रहा युवक समय रहते खतरा समझ गया और बाइक छोड़कर दूर हट गया। इससे उसकी जान बच गई।
कुछ ही देर में बाइक धू-धूकर जलने लगी। बाइक की टंकी में काफी पेट्रोल होने की बात सामने आई, जिसके कारण आसपास मौजूद लोग भी घबरा गए और सुरक्षित दूरी पर चले गए।
सड़क पर जलती रही बाइक
बाइक में आग लगने के बाद स्टेशन रोड पर कुछ देर के लिए लोगों के बीच डर का माहौल बन गया। लोग सड़क से गुजरते समय जलती बाइक से दूरी बनाकर निकलते रहे। इस दौरान स्थानीय लोगों ने घटना का वीडियो भी बनाया। आग लगने की वजह अभी साफ नहीं हो सकी है। हालांकि, स्थानीय लोगों ने बाइक में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई है। इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
हादसे में कोई घायल नहीं
घटना में बाइक सवार युवक समेत किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। समय रहते युवक के बाइक से दूर हट जाने के कारण बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों के बीच कुछ देर तक अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। बाद में स्थिति सामान्य हो गई।
नवादा से अमन की रिपोर्ट