Bihar News: बिहार में बेखौफ अपराधी, बस चालक-कंडक्टर पर जानलेवा हमला, पुलिस की चुप्पी ने बढ़ाया बवाल
Bihar News: बिहार में अपराधिक घटनाएं चरम पर है। अपराधी एक के बाद एक आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। इसी बीच नवादा में बस चालक और कंडक्टर पर अपराधियों ने जानलेवा हमला किया है।
Bihar News: बिहार के नवादा जिले के रजौली में शनिवार को बदमाशों ने एक बस के चालक और कंडक्टर पर जानलेवा हमला किया। यह घटना तरवां से कोलकाता जा रही रंजीत राज बस के साथ हुई, जिसमें चालक सुजीत यादव और कंडक्टर को निशाना बनाया गया। स्थानीय लोगों में रजौली पुलिस की कार्रवाई न होने को लेकर भारी आक्रोश है।
बस चालक से मारपीट
जानकारी के अनुसार, बदमाशों ने बीच सड़क पर ही बस को रोककर चालक और कंडक्टर के साथ मारपीट की। पीड़ितों ने बताया कि उन्हें हमले का कारण नहीं पता। इस घटना को रजौली पुलिस को खुली चुनौती के तौर पर देखा जा रहा है, क्योंकि बदमाशों में पुलिस का कोई भय नहीं दिखा।
कार्रवाई ना करने का आरोप
घटना के बाद से रजौली पुलिस ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है और न ही घटनास्थल की जांच की है। पुलिस की निष्क्रियता से नाराज बस चालक सुजीत यादव ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल किया है। इस वीडियो के माध्यम से उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है और रजौली पुलिस के खिलाफ नाराजगी व्यक्त की है।
पुलिस से जांच की अपील
स्थानीय लोगों और पीड़ित चालक का आरोप है कि पुलिस केवल आवेदन के आधार पर जांच करती है, जबकि मौके पर जाकर गहन पड़ताल करने से आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी में मदद मिल सकती है। उनका मानना है कि पुलिस की इस ढिलाई के कारण बदमाशों के हौसले बुलंद हो रहे हैं।
नवादा से अमन की रिपोर्ट