DIWALI 2026 : नवादा में महादलित टोले में डीएम-एसपी ने बच्चों के साथ मनाई दीपावली, मिठाइयां बांटकर साझा की खुशियां

DIWALI 2026 : नवादा में महादलित टोले में जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश और पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमन खुद पहुंचे और वहां के स्थानीय निवासियों तथा बच्चों के साथ दीपावली का पर्व मनाया.......

महादलित टोले में दिवाली - फोटो : AMAN

NAWADA : दीपावली के अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे की अनूठी मिसाल पेश की गई। नवादा के नगर मध्य विद्यालय स्थित अंबेडकर मैदान के महादलित टोले में जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश और पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमन स्थानीय लोगों एवं बच्चों के बीच पहुंचे और उनके साथ दीपावली की खुशियां मनाईं। अधिकारियों के इस विशेष पहल से टोले के बच्चों और स्थानीय लोगों में काफी उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम की शुरुआत डीएम रवि प्रकाश और एसपी अभिनव धीमन ने पौधारोपण कर की। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने स्थानीय लोगों और बच्चों के साथ मिलकर दीप प्रज्वलित किया। दीपों की रोशनी के बीच अधिकारियों ने बच्चों के साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं। इस दौरान बच्चों के बीच मिठाइयां वितरित की गईं और उनके साथ पटाखे भी छोड़े गए। अधिकारियों को अपने बीच पाकर बच्चों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी।

इस मौके पर जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने स्थानीय लोगों से आत्मीय बातचीत की। उन्होंने बच्चों के साथ समय बिताया और दीपावली की शुभकामनाएं दीं। अधिकारियों ने आम लोगों के बीच पहुंचकर यह संदेश देने का प्रयास किया कि त्योहार केवल अपने परिवार तक सीमित नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग के साथ मिलकर खुशियां बांटने का अवसर है।

कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी अमित अनुराग, प्रभारी जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी अमरनाथ कुमार, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी समीर कुमार, नवादा सदर के प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे। इस दौरान महादलित टोले के बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और बच्चे भी शामिल हुए। दीपावली के मौके पर जिला प्रशासन के इस आयोजन की स्थानीय लोगों के बीच चर्चा रही। अधिकारियों की मौजूदगी ने बच्चों के त्योहार की खुशियों को और खास बना दिया।

अमन की रिपोर्ट