Bihar Politics - नवादा में पूर्व विधायक कौशल यादव और पूर्णिमा यादव का 20 साल बाद राजद में स्वागत, शक्ति सिंह यादव भी रहे मौजूद

Bihar Politics - नवादा में 20 साल बाद वापसी करनेवाले पूर्व विधायक कौशल यादव व पूर्णिमा यादव का राजद नेताओं ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान शक्ति यादव भी वहां मौजूद रहे।

कौशल-पूर्णिमा यादव का राजद में हुआ स्वागत।- फोटो : अमन सिन्हा

Nawada - नवादा के राजद कार्यालय में राजद प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव की देखरेख में एक भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें पूर्व विधायक कौशल यादव और उनकी पत्नी, पूर्व विधायक पूर्णिमा यादव का स्वागत किया गया। यह समारोह जदयू छोड़ने के बाद उनकी राजद में पहली औपचारिक वापसी का प्रतीक था। दोनों नेताओं ने जदयू से पूरी तरह नाता तोड़ लिया है और अब राष्ट्रीय जनता दल का दामन थाम लिया है। 

जिले की सभी सीटों पर महागठबंधन  का परचम

कार्यक्रम में राजद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दोनों का गर्मजोशी से स्वागत किया। शक्ति सिंह यादव ने कहा कि कौशल यादव और पूर्णिमा यादव 20 साल बाद अपने पुराने घर लौटे हैं। इनके आने से राजद का कुनबा और मजबूत हुआ है। नवादा की सभी पांच विधानसभा सीटों पर महागठबंधन का परचम लहराएगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि दोनों नेताओं का अनुभव और समर्पण पार्टी को नई ताकत देगा। 

तेजस्वी को सीएम बनाने का लिया संकल्प

समारोह की अध्यक्षता उदय यादव ने की, जिन्होंने दोनों नेताओं का अभिनंदन किया। इस अवसर पर सभी प्रखंडों के अध्यक्ष और महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने विशेष रूप से पूर्णिमा यादव का स्वागत किया। कौशल यादव, जो लगभग 20 वर्षों तक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ रहे, ने 2025 के विधानसभा चुनाव से पहले जदयू छोड़कर राजद में शामिल होने का फैसला किया। उन्होंने तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लिया। 

शक्ति सिंह यादव ने बिना नाम लिए स्थानीय विधायकों पर निशाना साधते हुए कहा, "पार्टी और संगठन से बड़ा कोई नहीं होता। जो लोग पार्टी से भटकेंगे, उनका अंजाम सबके सामने है।" इस समारोह ने राजद के बढ़ते प्रभाव और नवादा में महागठबंधन की मजबूती का संदेश दिया। 

इस मौके पर जिला अध्यक्ष उदय यादव, सरवन कुशवाहा, विनय यादव, पिंकी भारती, प्रेम चौधरी, निक्की सिंह, अनवर भट्ट, नारायण मोहन स्वामी, गौतम कपूर चंद्रवंशी, केवी यादव, नीलम परवीन, चंदन चौधरी, मोहम्मद दानिश, आदि तमाम लोग उपस्थित हुए हैं.

Report - aman sinha