Bihar Fire News: गैस सिलेंडर विस्फोट करने से लगी आग, संकरी गली में दमकल के पहुंचने में आई अड़चन, लाखों का सामान खाक

Bihar Fire News: घर के अंदर रखे गैस सिलेंडर में अचानक आग लगने से अफरातफरी मच गई....

गैस सिलेंडर विस्फोट करने से लगी आग- फोटो : reporter

Bihar Fire News: नवादा के शेरपुर गांव में घर के अंदर रखे गैस सिलेंडर में अचानक आग लगने से अफरातफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप अख्तियार कर लिया और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। आग की लपटें उठती देख स्थानीय लोगों ने फौरन अग्निशमन विभाग को सूचना दी।

घटना की गंभीरता उस वक्त और बढ़ गई, जब संकरी गली और ऊंची इमारतों के कारण दमकल की गाड़ी को घटनास्थल तक पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। ऐसे में ग्रामीणों ने मोर्चा संभाला और कई समरसेबल व मोटर चलाकर पानी की बौछार शुरू कर दी। इसी दौरान अग्निशमन विभाग की टीम ने भी लगातार पानी डालकर आग पर काबू पाने की कवायद जारी रखी। काफी प्रयास के बाद आग को बुझाया जा सका।

बताया गया कि हादसे से कुछ देर पहले ही परिवार के सदस्य किचन से नीचे आए थे। इसके बाद अचानक सिलेंडर में आग लग गई। आग ने घर के भीतर रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे लाखों रुपये की संपत्ति जलकर खाक हो गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना में किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है।

फिलहाल सिलेंडर में आग लगने की असल वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। आग बुझने के बाद भी इलाके में काफी देर तक दहशत का माहौल बना रहा। संबंधित विभाग घटना की परिस्थितियों और आग लगने के संभावित कारणों की जांच कर रहा है।

रिपोर्ट- अमन कुमार