नवादा के ऐतिहासिक मिर्जापुर सूर्य मंदिर छठ घाट का मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने किया निरीक्षण, बड़ा निर्देश

मिर्जापुर सूर्य मंदिर छठ घाट पर प्रत्येक वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान सूर्य को अर्घ्य देने पहुंचते हैं। इस बार भी यहां लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

Minister Dr Santosh Kumar Suman- फोटो : news4nation

Bihar News :  बिहार के नवादा जिले में छठ महापर्व को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। जिले के सबसे बड़े और प्रमुख छठ घाटों में शामिल मिर्जापुर सूर्य मंदिर घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासनिक स्तर पर विशेष तैयारी की जा रही है। इसी क्रम में बिहार सरकार के मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन मिर्जापुर सूर्य मंदिर स्थित छठ घाट का निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने घाट पर चल रही तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों से सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था को लेकर विस्तृत जानकारी प्राप्त की।


निरीक्षण के दौरान नगर परिषद के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे। मंत्री ने घाट की साफ-सफाई, श्रद्धालुओं के आवागमन, सुरक्षा व्यवस्था, रोशनी, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने यह भी जाना कि छठ महापर्व के दौरान जिला प्रशासन और नगर परिषद की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए किस तरह की व्यवस्थाएं की जा रही हैं। खासकर अर्घ्य देने के दौरान उमड़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचने के लिए आवश्यक तैयारियों पर चर्चा की गई।


बताया जाता है कि मिर्जापुर सूर्य मंदिर छठ घाट पर प्रत्येक वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान सूर्य को अर्घ्य देने पहुंचते हैं। इस बार भी यहां लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए घाट का निर्माण और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। विभिन्न विभागों और स्थानीय लोगों के सहयोग से घाट को व्यवस्थित एवं सुविधाजनक बनाने का काम किया जा रहा है।


मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने छठ महापर्व को लेकर लोगों को संदेश देते हुए आपसी सहयोग, भाईचारे और शांति के साथ पर्व मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि छठ आस्था, पवित्रता और लोक आस्था का महान पर्व है। इस दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।


मिर्जापुर सूर्य मंदिर घाट पर मंत्री के निरीक्षण के बाद अब प्रशासनिक तैयारियों को और गति मिलने की उम्मीद है, ताकि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

अमन के रिपोर्ट