Bihar Crime News : नवादा में बदमाशों ने दिनदहाड़े मिठाई कारोबारी को मारी गोली, इलाके में फैली सनसनी
Bihar Crime News : नवादा में दिनदहाड़े अपराधियों ने एक मिठाई कारोबारी को गोली मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। इस वारदात के बाद से इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
NAWADA : नवादा के नेमदारगंज इलाका में अपराधियों ने एक मिठाई कारोबारी को गोली मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। जख्मी कारोबारी की पहचान उत्तम कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उन्हें गर्दन में गोली लगी है। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया, जहां एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। पुलिस के अनुसार फिलहाल उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
लंबे समय से मिठाई कारोबार
जानकारी के मुताबिक, उत्तम कुमार नेमदारगंज बाजार में राज मिठाई एवं केक पैलेस नाम से मिठाई और केक की दुकान चलाते हैं। बताया जाता है कि वह काफी वर्षों से इस कारोबार से जुड़े हुए हैं। घटना उस समय हुई, जब उत्तम कुमार शौच के लिए खेत की ओर गए थे। इसी दौरान एक युवक वहां पहुंचा और उन पर फायरिंग कर दी। गोली लगने के बाद वह जख्मी होकर गिर पड़े। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, गोली मारने के पीछे की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। यह भी पता नहीं चल पाया है कि घटना के पीछे किसी पुरानी रंजिश का मामला है या फिर कोई अन्य कारण। जख्मी उत्तम कुमार ने फिलहाल किसी व्यक्ति पर शक जाहिर नहीं किया है। वहीं, पुलिस को उनकी ओर से अभी तक कोई लिखित आवेदन भी नहीं मिला है।
पुलिस हर बिंदु पर कर रही जांच, कारोबारियों में बढ़ी चिंता
इस घटना के बाद इलाके के व्यवसायियों में डर और चिंता का माहौल है। कारोबारियों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं से व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से घटना में शामिल दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
पटना में इलाज
वहीं, थाना प्रभारी रंजीत कुमार ने गोली लगने की घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि जख्मी युवक का पटना के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है और फिलहाल वह खतरे से बाहर है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। घटना के कारणों का पता लगाने के साथ-साथ यह भी जांच की जा रही है कि फायरिंग करने वाला व्यक्ति कौन था और उसने इस वारदात को क्यों अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस की जांच और जख्मी कारोबारी के बयान के बाद ही घटना की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।