Patna Barh Accident: कर्मा पूजा विसर्जन में काल का कहर, बाढ़ में 11 लोग डूबे, 2 की लाश मिली, कई की तलाश जारी

Patna Barh Accident: कर्मा पूजा के विसर्जन के दौरान बाढ़ अनुमंडल में बड़ा हादसा हो गया।...

बाढ़ में 11 लोग डूबे- फोटो : reporter

Patna Barh Accident: कर्मा पूजा के विसर्जन के दौरान बाढ़ अनुमंडल में बड़ा हादसा हो गया। अलग-अलग घाटों और नदी किनारे विसर्जन के दौरान कुल 11 लोगों के डूबने की सूचना है। हादसे के बाद कई परिवारों में कोहराम मच गया है। घाटों पर अफरा-तफरी के बीच स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से बचाव अभियान चलाया जा रहा है।

बख्तियारपुर में सबसे ज्यादा हादसा: बख्तियारपुर इलाके में कर्मा पूजा विसर्जन के दौरान छह लोगों के डूबने की जानकारी सामने आई है। इनमें तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि एक व्यक्ति का शव बरामद किया गया है। दो अन्य लोगों की तलाश जारी है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

अथमलगोला में भाई-बहन डूबे: अथमलगोला थाना क्षेत्र के उस्मानपुर स्थित वार्ड नंबर-9 में विसर्जन के दौरान दो भाई-बहन के डूबने की सूचना है। दोनों की तलाश में स्थानीय लोगों और बचाव दल की ओर से अभियान चलाया जा रहा है। परिजनों की हालत बेहद खराब बताई जा रही है।बाढ़ थाना क्षेत्र में तीन डूबे: बाढ़ थाना क्षेत्र के पोस्ट ऑफिस घाट पर विसर्जन के दौरान तीन लोगों के डूबने की सूचना मिली। इनमें एक व्यक्ति को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि दो लोगों की तलाश जारी है।

एक ही दिन में बाढ़ अनुमंडल के अलग-अलग इलाकों में हुए इन हादसों ने पूजा विसर्जन के दौरान सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। नदी और घाटों पर भीड़ के बीच सुरक्षा व्यवस्था की कमी हादसे की गंभीरता को और बढ़ा देती है। प्रशासन और स्थानीय लोगों की मदद से लापता लोगों की तलाश जारी है। राहत और बचाव अभियान पूरा होने के बाद ही हादसे में प्रभावित लोगों की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

रिपोर्ट- रविशंकर