Bihar News : सम्राट कैबिनेट की बैठक में 22 एजेंडों पर लगी मुहर, काशी की तर्ज पर संवरेगा हरिहरनाथ मंदिर, ITI के कायाकल्प और महिला पुलिस को स्कूटी की मंजूरी

Bihar News : सोनपुर में काशी विश्वनाथ की तर्ज पर कॉरिडोर का निर्माण किया जायेगा. इसके लिए कैबिनेट ने 680 करोड़ की मंजूरी दी है.......पढ़िए आगे

हरिहरनाथ मंदिर का होगा कायाकल्प - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : बुधवार को आयोजित सम्राट कैबिनेट की बैठक खत्म हो गयी है। जिसमें 22 एजेंडों पर मुहर लगायी गयी है। बिहार सरकार ने सोनपुर स्थित विश्वप्रसिद्ध बाबा हरिहरनाथ मंदिर क्षेत्र को वाराणसी के काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की तर्ज पर विकसित करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। कैबिनेट ने इसके लिए 680 करोड़ रुपये के भारी-भरकम बजट को मंजूरी दी है। इस परियोजना से न केवल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि गंगा-गंडक संगम तट पर श्रद्धालुओं को आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। इसी कड़ी में मुंगेर के तारापुर में पर्यटन विकास के लिए 15 एकड़ जमीन कृषि विभाग से पर्यटन विभाग को निःशुल्क हस्तांतरित करने का फैसला भी लिया गया है।

नई निबंधन नियमावली 2026 और बुजुर्गों को राहत

कैबिनेट ने 'बिहार नई निबंधन नियमावली 2026' को लागू करने पर मुहर लगा दी है। इस नई व्यवस्था के तहत रजिस्ट्री प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी और सरल बनाया जाएगा। विशेष रूप से 80 वर्ष या उससे अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों के लिए रजिस्ट्री कराने के नियमों में विशेष रियायत और सुविधा का प्रावधान किया गया है, ताकि उन्हें सरकारी दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें।

75 आईटीआई बनेंगे आधुनिक ट्रेनिंग सेंटर

युवाओं के कौशल विकास और रोजगार के लिए सरकार ने 'प्रधानमंत्री सेतु योजना' के तहत राज्य के 75 आईटीआई (ITI) संस्थानों को आधुनिक प्रशिक्षण केंद्र के रूप में अपग्रेड करने का निर्णय लिया है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर कुल 3615 करोड़ रुपये खर्च होंगे, जिसमें बिहार सरकार अपने कोटे से 1192.95 करोड़ रुपये का योगदान देगी। इससे बिहार के युवाओं को वैश्विक स्तर की तकनीकी शिक्षा मिल सकेगी।

पुलिसिंग में सुधार: महिला पुलिस को मिलेगी स्कूटी

राज्य में महिला सुरक्षा और पुलिस की त्वरित कार्रवाई क्षमता को बढ़ाने के लिए गृह विभाग के बड़े प्रस्ताव को मंजूरी मिली है। कैबिनेट ने 1500 महिला पुलिसकर्मियों को स्कूटी और 3200 पुलिसकर्मियों को मोटरसाइकिल उपलब्ध कराने के लिए 66.75 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। इसके अलावा, पटना के राजीव नगर में आधुनिक पुलिस डाटा सेंटर और ERSS भवन के लिए 172.80 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं, ऊंची इमारतों में आग बुझाने के लिए 18 करोड़ की लागत से 62 मीटर ऊंची हाइड्रोलिक लैडर मशीन भी खरीदी जाएगी।

ग्रीनफील्ड टाउनशिप और IIT पटना को सौगात

शहरीकरण को सुव्यवस्थित करने के लिए बिहार में 11 नए 'ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप' बसाने की योजना पर मुहर लगी है। इन क्षेत्रों में अनियोजित निर्माण और जमीन की खरीद-बिक्री पर फिलहाल रोक लगा दी गई है ताकि मास्टर प्लान के अनुसार विकास हो सके। साथ ही, शिक्षा और तकनीक को बढ़ावा देने के लिए IIT पटना में रिसर्च पार्क की स्थापना हेतु 305 करोड़ रुपये और इन्क्यूबेशन सेंटर (फेज-2) के लिए 39.01 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।