Patna News: 225 करोड़ के LNJP अस्पताल की खुली पोल, नई इमारत की छत से टपका पानी, परिसर में जलजमाव से मरीज बेहाल
Patna News: पटना के लोक नायक जयप्रकाश अस्पतालमें करोड़ों रुपये की लागत से तैयार नए भवन की गुणवत्ता पर बारिश ने सवाल खड़े कर दिए हैं। ...
Patna News: पटना के लोक नायक जयप्रकाश अस्पतालमें करोड़ों रुपये की लागत से तैयार नए भवन की गुणवत्ता पर बारिश ने सवाल खड़े कर दिए हैं। करीब 225 करोड़ रुपये की लागत से बने छह मंजिला भवन की छत से बारिश का पानी टपकने लगा। कमरों की दीवारों पर सीलन और पानी के निशान साफ नजर आए। करोड़ों की लागत से तैयार भवन में बारिश के दौरान ऐसी तस्वीर सामने आने से अस्पताल प्रबंधन की व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
बारिश का असर सिर्फ भवन तक सीमित नहीं रहा। अस्पताल परिसर में भी बड़े पैमाने पर पानी जमा हो गया। कई हिस्सों में ऐसा नजारा दिखा, मानो अस्पताल परिसर झील में तब्दील हो गया हो। जलजमाव के कारण मरीजों, उनके परिजनों और डॉक्टरों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पानी निकालने के लिए अस्पताल कर्मचारियों को घंटों मशक्कत करनी पड़ी। कर्मचारियों ने बाल्टियों और दूसरे सामान की मदद से जलनिकासी का प्रयास किया। सबसे ज्यादा मुश्किल हड्डी और ट्रॉमा के मरीजों को हुई, जिन्हें इलाज और जांच के लिए अस्पताल के अलग-अलग हिस्सों में जाना पड़ता है।
LNJP को एशिया के बड़े हड्डी रोग अस्पतालों में शामिल किया जाता है। यहां बड़ी संख्या में मरीज एक्स-रे, सीटी स्कैन, एमआरआई और अन्य जांच के लिए पहुंचते हैं। बारिश के बाद रास्तों और बरामदों में पानी भर जाने से व्हीलचेयर और स्ट्रेचर से मरीजों को ले जाने में कर्मचारियों को काफी दिक्कत हुई।फिसलन के कारण मरीजों के गिरने का खतरा भी बना रहा। गंभीर स्थिति यह रही कि हड्डी और ट्रॉमा के मरीजों को पानी और फिसलन के बीच आवाजाही करनी पड़ी। अब सवाल यह है कि 225 करोड़ रुपये की लागत से बने नए भवन में बारिश का पानी आखिर क्यों टपक रहा है और जलनिकासी की व्यवस्था इतनी बदहाल क्यों है?