पटना एयरपोर्ट पर चेकिंग के दौरान विमान यात्री के बैग से 25.37 लाख रुपये नकद बरामद, इनकम टैक्स विभाग ने जब्त की रकम

यात्री के बैग से बरामद हुआ 25.37 लाख - फोटो : रणजीत कुमार

Patna : राजधानी पटना के जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षा जांच के दौरान सीआईएसएफ (CISF) के जवानों को एक बड़ी सफलता मिली है। विमान से यात्रा करने पहुंचे एक यात्री के पास से भारी मात्रा में नकदी बरामद की गई है। यात्री के पास मौजूद बैग की सघन तलाशी लेने पर उसमें से 25 लाख 37 हजार रुपये नकद पाए गए। इतनी बड़ी रकम के बारे में यात्री द्वारा कोई पुख्ता दस्तावेज या संतोषजनक जानकारी नहीं दिए जाने के बाद सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल कार्रवाई की।


बरामदगी के तुरंत बाद सीआईएसएफ के अधिकारियों ने एयरपोर्ट थाने की पुलिस और इनकम टैक्स विभाग को मामले की जानकारी दी। बरामद की गई रकम के साथ यात्री को पुलिस और आयकर विभाग की टीम के हवाले कर दिया गया है। पकड़े गए यात्री की पहचान भोजपुर जिले के अगियांव स्थित गड़हनी निवासी अनिल कुमार के रूप में हुई है। वह इस नकदी के साथ कहीं बाहर जाने की फिराक में था, लेकिन एयरपोर्ट के हाई-टेक सुरक्षा तंत्र ने उसे दबोच लिया।


आयकर विभाग की टीम अब बरामद रकम के स्रोत के संबंध में गहराई से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि यह जांच की जा रही है कि इतनी बड़ी रकम कहां से आई और इसे कहां ले जाया जा रहा था। क्या यह पैसा किसी व्यवसायिक लेन-देन का हिस्सा है या इसके पीछे कोई गैर-कानूनी नेटवर्क काम कर रहा है, पुलिस और आयकर विभाग दोनों एजेंसियां हर पहलू पर गौर कर रही हैं।


एयरपोर्ट थानाध्यक्ष ने इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत नोटों की बरामदगी के बाद पूरी राशि को आयकर विभाग के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस ने यात्री अनिल कुमार का विवरण और यात्रा से जुड़ी जानकारी साझा की है। आयकर विभाग के नियम के अनुसार, तय सीमा से अधिक नकद ले जाने पर संबंधित दस्तावेजों का होना अनिवार्य है, जिसके अभाव में इस राशि को फिलहाल जब्त माना जा रहा है।


पटना एयरपोर्ट पर इस तरह की बरामदगी ने सुरक्षा एजेंसियों को और अधिक सतर्क कर दिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी अनिल कुमार से पूछताछ जारी है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि इस रकम का वास्तविक मालिक कौन है। यदि यात्री पैसों का वैध स्रोत साबित नहीं कर पाता है, तो आयकर विभाग द्वारा कठोर अर्थदंड के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है। फिलहाल, इस जब्ती को लेकर एयरपोर्ट परिसर में काफी चर्चा बनी हुई है।


रणजीत कुमार की रिपोर्ट