Bihar News : पटना एयरपोर्ट पर यात्री के बैग से मिला 7 जिंदा कारतूस, हिरासत में लेकर की जा रही पूछताछ

Bihar News : पटना एयरपोर्ट पर हवाई यात्रा करने के दौरान यात्री के बैग से मिला 7 जिन्दा कारतूस. जिसके बाद जांच अधिकारियों के होश उड़ गए.....पढ़िए आगे

यात्री के बैग से मिला जिन्दा कारतूस - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : बिहार की राजधानी पटना स्थित जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से इस वक्त की एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां हवाई यात्रा करने की तैयारी में जुटे एक यात्री के बैग की चेकिंग के दौरान सुरक्षाकर्मियों को भारी मात्रा में जिंदा कारतूस मिले हैं। एयरपोर्ट की सुरक्षा में तैनात एएसजी (Airport Security Group) की टीम को स्कैनिंग के दौरान बैग के भीतर 7 लाइव (जिंदा) कारतूस बरामद हुए। कारतूस देखते ही जांच अधिकारियों के होश उड़ गए और आनन-फानन में पूरे सुरक्षा महकमे को अलर्ट कर दिया गया।

पुणे का रहने वाला है आरोपी युवक, पहचान पत्र से हुआ नाम का खुलासा

सुरक्षा घेरे को तोड़कर कारतूस ले जाने की कोशिश कर रहे इस यात्री को एएसजी की टीम ने तुरंत हिरासत में ले लिया। सुरक्षा अधिकारियों द्वारा की गई शुरुआती जांच और पास से मिले पहचान पत्र के आधार पर उसकी पहचान संतोष तिवारी के रूप में हुई है। आरोपी युवक मूल रूप से महाराष्ट्र के पुणे का रहने वाला बताया जा रहा है। सुरक्षा घेरे में लिए जाने के बाद एएसजी के आला अधिकारियों ने उससे गहन पूछताछ शुरू कर दी है।

कारतूस को लेकर नहीं दे पाया कोई ठोस जवाब, हवाई अड्डा थाना पुलिस को सौंपा गया

हिरासत में लिए गए यात्री संतोष तिवारी से जब बैग में मौजूद इन 7 जिंदा कारतूसों के वैध कागजात या इन्हें ले जाने के मकसद के बारे में पूछा गया, तो वह कोई स्पष्ट और संतोषजनक जानकारी नहीं दे पाया। वह लगातार बयान बदलता रहा। इसके बाद एएसजी की टीम ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी युवक को जब्त कारतूसों के साथ स्थानीय हवाई अड्डा थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

हवाई यात्रा में पूरी तरह वर्जित हैं ये सामग्रियां, पुलिस हर एंगल से कर रही जांच

गौरतलब है कि नागरिक उड्डयन सुरक्षा नियमों के तहत हवाई यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार के आग्नेयास्त्र, जिंदा कारतूस, माचिस, चाकू, धारदार मेटल के आइटम या कुछ प्रतिबंधित खान-पान के सामान लेकर विमान में जाना पूरी तरह वर्जित और कानूनी अपराध है। ऐसे में सुरक्षा को ताक पर रखकर यह यात्री आखिर किस खतरनाक इरादे या मकसद से इन जिंदा कारतूसों को फ्लाइट में कैरी करने की फिराक में था, पुलिस अब इन तमाम संवेदनशील बिंदुओं पर सघन जांच कर रही है।

सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट, पटना पुलिस खंगाल रही है आरोपी का बैकग्राउंड

हवाई अड्डा थाना पुलिस ने इस मामले में आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस की एक विशेष टीम आरोपी संतोष तिवारी के आपराधिक इतिहास और बैकग्राउंड को खंगालने के लिए पुणे पुलिस से भी संपर्क साध रही है। एयरपोर्ट जैसे संवेदनशील और हाई-सिक्योरिटी जोन में कारतूस के साथ पकड़े जाने के बाद खुफिया एजेंसियां भी इस मामले पर नजर बनाए हुए हैं।

अनिल की रिपोर्ट