बिहार पुलिस बेड़े में शामिल हुए 84 नए वाहन: सीएम सम्राट चौधरी ने किया लोकार्पण, महिला पुलिस कर्मियों को मिलेंगी 1500 स्कूटर
बिहार में कानून व्यवस्था और पुलिसिंग को अधिक चुस्त-दुरुस्त व सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से एक बड़ा कदम उठाया गया है। सीएम सम्राट चौधरी द्वारा जिलों एवं पुलिस मुख्यालय की विभिन्न इकाइयों के लिए क्रय किए गए नए पुलिस वाहनों का विधिवत लोकार्पण किया गया...
Patna : बिहार में कानून व्यवस्था और पुलिसिंग को अधिक चुस्त-दुरुस्त व सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से एक बड़ा कदम उठाया गया है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा जिलों एवं बिहार पुलिस मुख्यालय की विभिन्न इकाइयों के लिए क्रय किए गए नए पुलिस वाहनों का विधिवत लोकार्पण किया गया। पुलिस तंत्र को आधुनिक संसाधनों से लैस करने की दिशा में इस कदम को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
लोकार्पण किए गए वाहनों का पूरा विवरण
बिहार पुलिस मुख्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री द्वारा कुल 84 वाहनों का लोकार्पण किया गया है। इनमें 30 अदद चार पहिया वाहन, 06 अदद एम्बुलेंस और 48 अदद बसें शामिल हैं। इन सभी वाहनों को तत्काल प्रभाव से पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सेवा में लगा दिया गया है, जिससे आपातकालीन स्थितियों और सुरक्षा व्यवस्था में पुलिस की गतिशीलता काफी बढ़ जाएगी।
विभिन्न पुलिस इकाइयों में वाहनों का आवंटन
क्रय किए गए इन नए वाहनों को आवश्यकतानुसार बिहार पुलिस की अलग-अलग विंग्स में आवंटित किया गया है:
- विशेष कार्य बल (STF): इन्हें 20 अदद चार पहिया वाहन और 04 अदद एम्बुलेंस सौंपी गई हैं।
- बिहार गृह रक्षा वाहिनी (Home Guards): इन्हें 10 अदद चार पहिया वाहन और 02 अदद एम्बुलेंस आवंटित की गई हैं।
- बिहार के जिले एवं बि०वि०स०पु० (BMP) की वाहिनियां: पुलिस बलों के सुचारू आवागमन के लिए सभी 48 नई बसों को इन इकाइयों में भेजा जा रहा है।
महिला पुलिस कर्मियों (पुलिस दीदी) के लिए 1500 स्कूटर और 3200 मोटरसाइकिलें प्रक्रियाधीन
राज्य सरकार ने पुलिस थानों में गश्ती व्यवस्था को अधिक प्रभावी और समावेशी बनाने के लिए एक विशेष योजना पर काम शुरू कर दिया है। इसके तहत बिहार के विभिन्न जिलों के थानों में गश्ती के लिए महिला पुलिस कर्मियों (जिन्हें 'पुलिस दीदी' के नाम से संबोधित किया गया है) के लिए 1500 अदद स्कूटर के क्रय की कार्रवाई प्रक्रियाधीन है। इसके अतिरिक्त, शहरी एवं ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के थानों में नियमित गश्ती को तेज करने के लिए 3200 अदद नई मोटरसाइकिलों के खरीद की प्रक्रिया भी तेजी से चल रही है।
पुराने वाहनों को स्क्रैप कर नए वाहनों की होगी खरीद, बढ़ेगी कार्यक्षमता
पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि बिहार पुलिस के विभिन्न जिलों एवं वाहिनियों द्वारा रद्दीकृत (कंडम/स्क्रैप) किए गए पुराने वाहनों के बदले चरणबद्ध तरीके से नए वाहनों के क्रय की कार्रवाई आगे भी की जाएगी। बिहार पुलिस की कार्यक्षमता में वृद्धि करने और पूरे पुलिस तंत्र को आधुनिक, समृद्ध व तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की दिशा में राज्य सरकार और गृह विभाग का यह एक बेहद सराहनीय और दूरगामी कदम है।
रंजीत की रिपोर्ट