मंत्रिमडल विस्तार के लिए गांधी मैदान में विशाल मंच बनकर तैयार, एनडीए के दिग्गज नेताओं का पटना आगमन शुरू

Patna : बिहार की राजनीति के लिए कल यानी गुरुवार का दिन बेहद ऐतिहासिक होने जा रहा है, जब राज्य में मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा। इस भव्य शपथ ग्रहण समारोह की गरिमा बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं पटना पहुंच रहे हैं। उनके साथ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम के साक्षी बनेंगे। इस आयोजन को लेकर राजधानी पटना में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है।


बिहार भाजपा के अध्यक्ष संजय सरावगी ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि समारोह में केंद्र और राज्य के कई कद्दावर नेता शिरकत करेंगे। मेहमानों की सूची में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा सहित एनडीए के घटक दलों के प्रमुख नेता जैसे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और जीतन राम मांझी भी शामिल हैं। बिहार एनडीए के सभी सांसद और राज्य से आने वाले केंद्रीय मंत्रियों की मौजूदगी इस समारोह को और भी खास बनाएगी।


प्रधानमंत्री और राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और आम जनता में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। पटना की सड़कों पर स्वागत के लिए भारी भीड़ जुटने की उम्मीद है। शहर के प्रमुख चौराहों को झंडों, बैनरों और तोरण द्वारों से सजाया गया है। संजय सरावगी के अनुसार, यह माहौल न केवल पार्टी की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाता है, बल्कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व पर जनता के अटूट भरोसे का भी प्रतीक है।


समारोह के आयोजन स्थल के रूप में ऐतिहासिक गांधी मैदान को चुना गया है, जिसे युद्ध स्तर पर सजाया-संवारा जा रहा है। यहां आधुनिक सुविधाओं से लैस एक विशाल और भव्य मंच का निर्माण किया गया है। भारी संख्या में आने वाली भीड़ और सुरक्षा कारणों को देखते हुए प्रशासन के साथ समन्वय कर प्रमुख स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की जा रही है, ताकि आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।


एनडीए के दिग्गज नेताओं का पटना पहुंचना शुरू हो गया है। इसी क्रम में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और बिहार प्रभारी विनोद तावड़े आज पटना पहुंचे, जिनका हवाई अड्डे पर भव्य स्वागत किया गया। शहर भर में कार्यकर्ताओं द्वारा लगाए गए पोस्टर और होर्डिंग्स इस शपथ ग्रहण समारोह की भव्यता की गवाही दे रहे हैं। जिला प्रशासन और पार्टी प्रतिनिधि कार्यक्रम की अंतिम तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं।


वंदना की रिपोर्ट