कैटरिंग गोदाम में भीषण आगलगी, कई दुकानें चपेट में, लाखों का नुकसान

कैटरिंग गोदाम में लगी भीषण आग- फोटो : अनिल कुमार

Patna : राजधानी पटना से एक बड़ी खबर सामने आई है। जहां व्यस्ततम इलाके में सोमवार की दोपहर उस समय अचानक अफरा-तफरी और हड़कंप मच गया, जब बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) कार्यालय के ठीक सामने स्थित 'जयदीप बग्गा कैटरिंग' के एक बड़े गोदाम में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने बेहद विकराल रूप धारण कर लिया। आसमान में धुएं का काला गुबार छा गया और आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। आग इतनी भयावह थी कि उसने आस-पास की कई अन्य दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया।


इलाके में मची भगदड़खाली कराई गईं दुकानें

गोदाम से अचानक आग की लपटें और धुएं का भयंकर गुबार उठता देख पूरे इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। आस-पास के दुकानदार और राहगीर अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। संकट की इस घड़ी में स्थानीय दुकानदारों ने सूझबूझ दिखाई और अपनी-अपनी दुकानों से कीमती सामान बाहर निकालने में जुट गए। चश्मदीदों के मुताबिक, गोदाम से पहले हल्का धुआं निकला था, लेकिन चंद मिनटों के भीतर ही आग पूरी तरह फैल गई और दूर-दूर तक इसकी लपटें दिखाई देने लगीं।


सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचीं दमकल की गाड़ियां

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने बिना वक्त गंवाए आनन-फानन में कोतवाली थाना पुलिस और दमकल विभाग को इस अगलगी की सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां त्वरित कार्रवाई करते हुए दलबल के साथ मौके पर पहुंच गईं। अग्निशमन कर्मियों ने बिना देरी किए आग पर काबू पाने के लिए चारों तरफ से पानी की बौछारें शुरू कर दीं, ताकि आग को आगे बढ़ने से रोका जा सके।


पुलिस ने मोर्चा संभालकर लोगों को सुरक्षित हटाया

अग्निशमन दस्ते के साथ ही कोतवाली थाने की पुलिस टीम भी भारी संख्या में घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस बल ने स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए तुरंत मोर्चा संभाला और तमाशबीनों की भीड़ को नियंत्रित किया। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस ने पूरे इलाके को घेरते हुए लोगों को घटनास्थल से एक सुरक्षित दूरी पर हटा दिया, ताकि दमकल कर्मियों को आग बुझाने के काम में किसी तरह की बाधा न आए और कोई अन्य व्यक्ति इसकी चपेट में न आ सके।


शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंकालाखों की क्षति

दमकल कर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, इस भीषण अगलगी में कैटरिंग के गोदाम और चपेट में आई दुकानों के अंदर रखा लाखों रुपये का सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया है। प्रारंभिक जांच और स्थानीय स्तर पर लगाए जा रहे अनुमान के मुताबिक, आग लगने का मुख्य कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग नुकसान के सही आकलन और घटना के सटीक कारणों की जांच में जुटे हैं।


अनिल की रिपोर्ट