दीपावली की रात नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को लिया हिरासत मे लिया

पटना के बाढ़ से दीपावली की रात एक शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। अपने पिता को खोजने निकली नाबालिग बच्ची के साथ हथियार के बल पर दुष्कर्म किया है। पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है.....

दीपावली की रात नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म- फोटो : सांकेतिक तस्वीर

Patna : जिले के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत एक गांव से मानवता को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। दीपावली और लक्ष्मी पूजा की रात एक नाबालिग लड़की के साथ हथियार के बल पर दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया। इस घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है और लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस हरकत में आई और तुरंत एक्शन लेते हुए तीन संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है।


पिता की तलाश में निकली थीं दोनों बहनें, रास्ते में हुई दरिंदगी

पीड़िता के परिजनों ने पुलिस को दी गई जानकारी में बताया कि लक्ष्मी पूजा की रात दोनों बहनें देर रात तक पिता के घर नहीं लौटने पर उनकी तलाश में बाहर निकली थीं। इसी दौरान रास्ते में बाइक सवार तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने हथियार के बल पर डरा-धमका कर बड़ी बहन के सामने ही छोटी नाबालिग बहन के साथ घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।


पीड़िता की शिकायत पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, तीन हिरासत में

घटना के तुरंत बाद डरी-सहमी पीड़िता ने अपने परिजनों को पूरी आपबीती सुनाई। परिजनों ने इसकी सूचना तत्काल स्थानीय थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दबिश बढ़ाई। पुलिस ने मामले में संलिप्तता के आरोप में तीन लोगों को हिरासत में ले लिया है और उनसे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है।


मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी स्थिति: पुलिस

इस पूरे मामले पर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़िता के बयानों के आधार पर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यह मामला सिंगल दुष्कर्म का है या गैंगरेप का, इसकी पुष्टि मेडिकल जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट रूप से हो सकेगी। पीड़िता को चिकित्सीय परीक्षण (मेडिकल टेस्ट) के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और साक्ष्यों के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


रवि शंकर की रिपोर्ट