लोकतंत्र और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए 30 अक्टूबर को पटना में ABVP का विशाल प्रदर्शन, DUSU अध्यक्ष यश डबास करेंगे शिरकत
एबीवीपी लोकतंत्र एवं संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए 30 अक्टूबर को पटना के गांधी मैदान से इनकम टैक्स चौराहा तक विशाल जनसभा एवं विरोध प्रदर्शन करेगी। इस प्रदर्शन में दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ के अध्यक्ष यश डबास भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे.
Patna : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP), बिहार प्रदेश द्वारा देश में लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा की रक्षा के लिए “लोकतंत्र बचाओ – अराजकता रोको” के आह्वान पर आगामी 30 अक्टूबर 2026 को पटना में एक विशाल जनसभा एवं विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया जाएगा। यह मार्च राजधानी के ऐतिहासिक गांधी मैदान से शुरू होकर इनकम टैक्स चौराहा तक जाएगा।
इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) के नवनिर्वाचित अध्यक्ष यश डबास विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे, जिनकी मौजूदगी से छात्र-युवा शक्ति की प्रतिबद्धता को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा और युवाओं की भागीदारी पर जोर
मीडिया को संबोधित करते हुए अभाविप बिहार के प्रदेश मंत्री सुमित कुमार सिंह ने कहा कि लोकतंत्र केवल शासन प्रणाली नहीं, बल्कि संवैधानिक संस्थाओं और नागरिक अधिकारों के सम्मान का आधार है। जब भी लोकतांत्रिक मूल्यों पर आघात होता है, युवाओं का यह कर्तव्य बनता है कि वे शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करें। परिषद का यह आयोजन देश में अराजक प्रवृत्तियों के खिलाफ समाज और युवाओं को जागरूक करने का एक प्रयास है।
प्रेसवार्ता में ये पदाधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान अभाविप के प्रदेश मंत्री सुमित कुमार सिंह के साथ-साथ केंद्रीय कार्यसमिति सदस्य समीक्षा यदुवंशी, क्षेत्रीय मीडिया संयोजक रविकरण कुमार, पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ के संयुक्त सचिव अभिषेक शर्मा और प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शगुन सृजन सहित कई अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
नरोत्तम की रिपोर्ट