पटना यातायात पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर बरामद किया ऑटो में छूटा 9 मोबाइलों से भरा बैग, पीड़ित युवक ने पुलिस का जताया आभार

पटना यातायात पुलिस की तत्परता से युवक के चेहरे पर लौटी खुशी- फोटो : रंजीत कुमार

Patna : राजधानी पटना में पटना यातायात पुलिस की तत्परता और ईमानदारी का एक सराहनीय मामला सामने आया है। एक यात्री (युवक) का नौ कीमती मोबाइलों से भरा बैग अनजाने में एक ऑटो-रिक्शा में छूट गया था। पीड़ित युवक की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए यातायात पुलिस की टीम ने वैज्ञानिक अनुसंधान व सतर्कता से संबंधित ऑटो का पता लगाया और बैग में रखे सभी 9 मोबाइल सुरक्षित बरामद कर लिए।


ऑटो का पता लगाकर बरामद किए गए सभी 9 मोबाइल 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक सफर के दौरान अपना मोबाइलों से भरा बैग ऑटो में ही भूल गया था। मामला संज्ञान में आते ही पटना यातायात पुलिस ने अविलंब कार्रवाई शुरू की और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों व सूचना तंत्र की मदद से संदिग्ध ऑटो को ट्रेस किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ऑटो को खोज निकाला और बैग सहित सभी मोबाइलों को सुरक्षित जब्त किया।


पटना यातायात पुलिस ने युवक को सौंपे मोबाइल 

पुलिस कार्यालय में कागजी प्रक्रिया और सत्यता की पुष्टि करने के पश्चात पटना यातायात पुलिस के अधिकारियों ने बरामद किए गए सभी नौ मोबाइलों को सुरक्षित पीड़ित युवक के सुपुर्द कर दिया। बैग में रखे सभी सामान व मोबाइल सही-सलामत पाकर युवक के चेहरे पर खुशी लौट आई।


पीड़ित युवक ने पटना यातायात पुलिस का जताया आभार 

खोए हुए सभी नौ मोबाइल सुरक्षित वापस मिल जाने पर पीड़ित युवक ने पटना यातायात पुलिस की कार्यशैली, तत्परता और सहयोग के लिए उनका सहृदय धन्यवाद व आभार व्यक्त किया। स्थानीय नागरिकों और बुद्धिजीवियों ने भी पटना यातायात पुलिस की इस त्वरित व सराहनीय कार्रवाई की जमकर प्रशंसा की है।


यातायात पुलिस की आम जनता से सतर्कता बरतने की अपील 

पटना यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सार्वजनिक वाहनों या ऑटो में यात्रा करते समय अपने कीमती सामान व बैग का विशेष ध्यान रखें। किसी भी प्रकार का सामान छूटने या अनहोनी होने पर तुरंत नजदीकी यातायात थाना या पुलिस हेल्पलाइन नंबर पर सूचना दें ताकि समय रहते त्वरित सहायता पहुंचाई जा सके।

रंजीत की रिपोर्ट