Bihar News : मुजफ्फरपुर-दिल्ली में हुए अग्निकांड के बाद पटना में एक्शन, फायर ब्रिगेड की बड़ी कार्रवाई, कई नामचीन अस्पताल और होटल सील करने की शुरू हुई प्रक्रिया

Bihar News : पटना के कुणाल होटल समेत कई हॉस्पिटल को सील करने का जारी आदेश किया गया है।एक सप्ताह के अंदर सील करने की प्रक्रिया शुरू होगी.....पढ़िए आगे

होटल अस्पताल में लगेगा ताला - फोटो : ANIL

PATNA : दिल्ली और मुजफ्फरपुर के अस्पतालों और होटल में हुए भीषण अग्निकांड से सबक लेते हुए बिहार का सरकारी अमला पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। राजधानी पटना में फायर सेफ्टी को लेकर बिहार अग्निशमन विभाग ने एक बड़ा और कड़ा अभियान शुरू किया है। इस संबंध में विभाग के डीआईजी मनोज कुमार नट ने बड़ी कार्रवाई की जानकारी दी है। विभाग ने पिछले दो दिनों के भीतर पटना के 60 से 70 अस्पतालों और होटलों का ताबड़तोड़ औचक निरीक्षण किया है, जिसमें कई जगहों पर भारी खामियां उजागर हुई हैं।

मानकों की अनदेखी करने वाले 5 अस्पतालों पर गिरेगी गाज

डीआईजी मनोज कुमार नट ने बताया कि सघन चेकिंग अभियान के दौरान पटना के पांच बड़े अस्पतालों में फायर सेफ्टी के मानकों की घोर अनदेखी पाई गई है। इन अस्पतालों में न तो आग बुझाने के पर्याप्त इंतजाम थे और न ही आपातकालीन निकास की सही व्यवस्था। इसके बाद विभाग ने बेहद सख्त रुख अपनाते हुए इन पांचों अस्पतालों को सील करने की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

सील होने वाले अस्पतालों की सूची

एडवांस पटना सेंट्रल हॉस्पिटल, आरोग्यवर्धन हॉस्पिटल, पिनेकल हॉस्पिटल, श्याम ट्रस्टेड रिसर्च हॉस्पिटल और अपेक्स हॉस्पिटल को सील किया जायेगा। वहीँ जमाल रोड स्थित कुणाल होटल की भी जांच की गयी। जहाँ फायर सेफ्टी की अनदेखी की गयी थी। इसके मद्देनजर होटल को भी सील करने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी। अग्निशमन विभाग द्वारा दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार, मुजफ्फरपुर हादसे के बाद पटना में विभाग चौबीसों घंटे सक्रिय है। पिछले 48 घंटों के भीतर शहर के विभिन्न कोनों में स्थित 60 से 70 से अधिक निजी अस्पतालों, नर्सिंग होम और व्यावसायिक होटलों में फायर फाइटिंग सिस्टम को परखा गया है। इस ताबड़तोड़ जांच से राजधानी के चिकित्सा और होटल जगत में हड़कंप मच गया है।

"मरीजों की जान से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं"— DIG

डीआईजी ने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि दिल्ली और मुजफ्फरपुर जैसी दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति पटना में किसी भी कीमत पर नहीं होने दी जाएगी। अस्पतालों में आने वाले लाचार मरीजों और उनके परिजनों की जिंदगी से खिलवाड़ करने वाले संस्थान संचालकों को बख्शा नहीं जाएगा। जिन अस्पतालों को चिन्हित किया गया है, उनके खिलाफ कानून के तहत सख्त से सख्त कार्रवाई की जा रही है।

आगे भी जारी रहेगा चेकिंग अभियान

विभाग के अनुसार, यह कार्रवाई अभी सिर्फ शुरुआत है। आने वाले दिनों में पटना के अलावा सूबे के अन्य बड़े शहरों में भी इसी तरह का औचक निरीक्षण अभियान चलाया जाएगा। अग्निशमन विभाग ने सभी छोटे-बड़े अस्पतालों और होटलों को सख्त निर्देश जारी किए हैं कि वे जल्द से जल्द अपने फायर एनओसी का नवीनीकरण करा लें और सुरक्षा मानकों को पूरी तरह दुरुस्त रखें, अन्यथा बिना किसी पूर्व सूचना के उनके संस्थानों को भी सील कर दिया जाएगा।

अनिल की रिपोर्ट