Bihar News : हाजीपुर में वीर चौहरमल भवन के अस्तित्व पर संकट, आदित्य पासवान बोले- दलित समाज को जवाब दें चिराग पासवान

Bihar News : बिहार प्रदेश कांग्रेस के नेता आदित्य पासवान ने हाजीपुर के चौहरमल नगर स्थित वीर चौहरमल भवन की स्थिति को लेकर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख और सांसद चिराग पासवान पर सवाल खड़े किए हैं।

चिराग पर निशाना - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : बिहार प्रदेश कांग्रेस के नेता आदित्य पासवान ने हाजीपुर के चौहरमल नगर स्थित वीर चौहरमल भवन की स्थिति को लेकर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेता एवं सांसद चिराग पासवान पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय रामविलास पासवान की राजनीतिक विरासत का उत्तराधिकारी होने का दावा करना आसान है , लेकिन उनकी विचारधारा , सामाजिक सरोकारों और ऐतिहासिक धरोहरों को संरक्षित रखना वास्तविक उत्तराधिकार की कसौटी है। आदित्य पासवान ने कहा कि वर्ष 1996 में जब स्वर्गीय रामविलास पासवान देश के रेल मंत्री थे तो उसी दौर में हाजीपुर के चौहरमल नगर में महापुरुष वीर बाबा चौहरमल के नाम पर वीर चौहरमल भवन के निर्माण की पहल हुई और उसका शिलान्यास किया गया था। यह भवन महज ईंट-पत्थर से निर्मित एक इमारत नहीं था बल्कि बिहार के दलित समाज के स्वाभिमान , ऐतिहासिक पहचान और सामाजिक सम्मान का प्रतीक था । वीर चौहरमल जैसे महापुरुषों की स्मृतियों को संजोना आने वाली पीढ़ियों को अपने इतिहास और संघर्ष से जोड़ने का माध्यम है।

उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जिस ऐतिहासिक धरोहर के निर्माण की पहल स्वर्गीय रामविलास पासवान ने की थी आज उसी भवन के अस्तित्व को मिटाया क्यों गया ? यदि भवन को ध्वस्त किया गया है अथवा उसके मूल स्वरूप को समाप्त किया गया है तो इसके लिए जिम्मेदार कौन है ? क्या इस ऐतिहासिक धरोहर को बचाने की जिम्मेदारी उन लोगों की नहीं थी जो हाजीपुर की राजनीति में स्वर्गीय रामविलास पासवान के नाम और उनकी विरासत का लाभ उठाते हैं ? आदित्य पासवान ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक स्थिति है कि एक तरफ रामविलास पासवान जी की राजनीतिक विरासत पर अपना अधिकार जताया जाता है वहीं दूसरी तरफ उनके प्रयासों से जुड़ी ऐतिहासिक धरोहर की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े होने के बावजूद कोई स्पष्ट जवाब सामने नहीं आता । हाजीपुर की जनता और बिहार के दलित समाज को यह जानने का पूरा अधिकार है कि वीर चौहरमल भवन की वर्तमान स्थिति के लिए कौन जिम्मेदार है और उसकी ऐतिहासिक पहचान को सुरक्षित रखने के लिए अब तक क्या कदम उठाए गए हैं ?

उन्होंने आगे कहा कि राजनीतिक उत्तराधिकार केवल पिता की कुर्सी , पार्टी , चुनाव चिह्न और संपत्ति का उत्तराधिकारी बन जाने से पूरा नहीं होता बल्कि सच्चा उत्तराधिकारी वह होता है जो अपने पूर्वजों के विचारों , संघर्षों , सामाजिक प्रतिबद्धताओं और समाज के प्रति उनके योगदान को आगे बढ़ाए । स्वर्गीय रामविलास पासवान जी ने अपने राजनीतिक जीवन में वंचितों , शोषितों और कमजोर वर्गों की आवाज उठाई । उनकी विरासत का सम्मान केवल उनके नाम पर भाषण देने से नहीं बल्कि उनके द्वारा स्थापित सामाजिक मूल्यों और धरोहरों की रक्षा करने से होगा। आदित्य पासवान ने कहा कि हाजीपुर केवल एक संसदीय क्षेत्र नहीं बल्कि रामविलास पासवान जी की राजनीतिक कर्मभूमि और बिहार के दलित आंदोलन की महत्वपूर्ण भूमि रही है । यहां की ऐतिहासिक धरोहरों की उपेक्षा किसी एक भवन की उपेक्षा नहीं बल्कि उस सामाजिक इतिहास और स्वाभिमान की उपेक्षा है जिससे लाखों लोगों की भावनाएं जुड़ी हुई हैं।

उन्होंने मांग की कि वीर चौहरमल भवन की वर्तमान स्थिति पर सार्वजनिक रूप से स्पष्टीकरण दिया जाए , भवन के ध्वस्तीकरण अथवा क्षति के लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय हो तथा इस ऐतिहासिक धरोहर का पुनर्निर्माण कराकर इसे उसके मूल गौरव के अनुरूप संरक्षित किया जाए। अंत में आदित्य पासवान ने कहा कि रामविलास पासवान जी का नाम लेने मात्र से कोई उनका सच्चा राजनीतिक उत्तराधिकारी नहीं बन जाता। उनके संघर्षों , विचारों और समाज के प्रति समर्पण को आगे बढ़ाना ही उनकी विरासत के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है । विरासत भाषणों और दावों से नहीं बल्कि जिम्मेदारी और कर्मों से बचाई जाती है।