Country First Cliff Walk In Bihar: बिहार में यहां बन रहा देश का पहला 'क्लिफ वॉक', अब बादलों के बीच चलेंगे आप, टिकट और लोकेशन जानिए

Country First Cliff Walk In Bihar: बिहार का ऐतिहासिक शहर राजगीर में अब एडवेंचर टूरिज्म के क्षेत्र में नई पहचान बनाने की तैयारी में है। ‘क्लिफ वॉक’ नामक एक नया रोमांचक प्रोजेक्ट विकसित किया जा रहा है।

बिहार में बनेगा भारत का पहला क्लिफ वॉक- फोटो : AI Image

Country First Cliff Walk In Bihar: बिहार पर्यटन के क्षेत्र में एक बार फिर देश के नक्शे पर बड़ी छलांग लगाने जा रहा है। राजगीर के मशहूर ग्लास ब्रिज की सफलता के बाद अब बिहार में देश का पहला 'क्लिफ वॉक' बनाया जाएगा । यह प्रोजेक्ट न केवल बिहार बल्कि पूरे भारत के लिए अनूठा होगा, जहाँ पर्यटक ऊँची पहाड़ियों के किनारों पर हवा में चलने का रोमांच महसूस कर सकेंगे। 

क्या है ‘क्लिफ वॉक’ और क्यों है खास?

प्रस्तावित क्लिफ वॉक सैकड़ों मीटर लंबा होगा, जिसे दो घाटियों के बीच खड़ी चट्टानों के किनारों पर तैयार किया जाएगा। इस पर चलते हुए पर्यटकों को ऐसा अनुभव होगा मानो वे हवा में तैर रहे हों। नीचे गहरी घाटियां और चारों ओर हरियाली इस रोमांच को और बढ़ाएगी। माना जा रहा है कि यह मौजूदा 85 फीट लंबे ग्लास ब्रिज से कहीं अधिक चुनौतीपूर्ण और आकर्षक होगा।

जेठियन पर्वत श्रृंखला में होगा निर्माण

इस प्रोजेक्ट के लिए जेठियन पर्वत क्षेत्र का चयन किया गया है जो अपनी प्राकृतिक सुंदरता और घाटियों के लिए जाना जाता है। यहां पहले पश्चिम बंगाल के विशेषज्ञों द्वारा विस्तृत सर्वे किया जा चुका है। जिसमें आधुनिक तकनीक से चट्टानों और मिट्टी की जांच कर निर्माण की मजबूती सुनिश्चित की गई है। वन विभाग के अनुसार, परियोजना में पर्यावरण संतुलन का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। जल स्तर, खनिज संरचना और भूगर्भीय स्थितियों का अध्ययन कर रिपोर्ट तैयार की गई है, जिसके आधार पर आगे की कार्ययोजना बनाई जा रही है।

पर्यटन को मिलेगा बड़ा बढ़ावा

इस प्रोजेक्ट को देश के पहले ‘थ्रिलर इंफ्रास्ट्रक्चर’ के रूप में विकसित करने की योजना है। इसके शुरू होने के बाद एडवेंचर प्रेमियों और पर्वतारोहियों की संख्या में बड़ी बढ़ोतरी की उम्मीद है। विशेषज्ञों का मानना है कि ‘क्लिफ वॉक’ राजगीर को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर भी मजबूती से स्थापित करेगा और बिहार के पर्यटन उद्योग को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।