Air India News: लैंडिंग के दौरान टूटा एयर इंडिया का नोज व्हील, रनवे पर फंसा विमान, 141 यात्रियों की अटकी सांसे, मचा हड़कंप

Air India News: एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक फ्लाइट में लैंडिंग के दौरान तकनीकी खराबी आ गई। जिसके बाद यात्रियों में हड़कंप मच गया। विमान में 141 यात्री सवार थे। सभी की सांसे अटक गई।

एयर इंडिया विमान में खराबी - फोटो : social media

Air India News: एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक फ्लाइट में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब लैंडिंग के दौरान विमान में तकनीकी खराबी आ गई। हैदराबाद से थाईलैंड के फुकेट जा रही फ्लाइट का नोज व्हील (आगे का लैंडिंग गियर) रनवे पर उतरते ही टूट गया। हालांकि पायलट और क्रू की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया और सभी यात्री सुरक्षित हैं। यह घटना 11 मार्च को फ्लाइट IX938 के साथ हुई, जो हैदराबाद से उड़ान भरकर फुकेट जा रही थी। विमान में करीब 135 यात्री और 6 क्रू सदस्य सवार थे।

लैंडिंग के दौरान आई तकनीकी खराबी

जानकारी के अनुसार फ्लाइट सुबह करीब 6:10 बजे हैदराबाद से रवाना हुई थी और लगभग 11:24 बजे फुकेत अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा पर पहुंची। लेकिन जैसे ही विमान रनवे पर उतरा, उसका नोज व्हील टूट गया और विमान रनवे पर ही फंस गया। घटना के बाद एयरपोर्ट प्रशासन और तकनीकी टीम तुरंत सक्रिय हो गई। सभी यात्रियों को सावधानीपूर्वक विमान से बाहर निकाला गया। इसके बाद विमान को टो करके हैंगर तक ले जाया गया, जहां उसकी विस्तृत तकनीकी जांच की जा रही है।

एयरलाइन ने जारी किया बयान

फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटराडार24 के अनुसार इस घटना के कारण एयरपोर्ट का एकमात्र रनवे कुछ समय के लिए बंद करना पड़ा, जिससे एयरपोर्ट संचालन भी प्रभावित हुआ। एयर इंडिया एक्सप्रेस ने बयान जारी कर कहा कि लैंडिंग के दौरान नोज व्हील से जुड़ी तकनीकी समस्या सामने आई थी। क्रू ने सभी मानक सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन किया और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। एयरलाइन ने यात्रियों और एयरपोर्ट प्रशासन के सहयोग के लिए धन्यवाद भी दिया।