Bihar Inter Result : डॉ. भीमराव अम्बेडकर आवासीय विद्यालय की बेटियों का कमाल, 26 छात्राओं ने 80% से अधिक अंक किए हासिल

Bihar Inter Result : बिहार बोर्ड की इंटर परीक्षा में डॉ भीमराव अम्बेडकर आवासीय विद्यालय की बेटियों ने परचम फहराया है. यहाँ 26 छात्राओं ने 80 फीसदी से अधिक अंक हासिल किया है......पढ़िए आगे

बेटियों ने किया कमाल - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित पटना के गायघाट में मौजूद डॉ. भीमराव अम्बेडकर आवासीय विद्यालय की छात्राओं ने वर्ष 2026 की इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।

विज्ञान, कला और वाणिज्य तीनों संकायों में उत्कृष्ट प्रदर्शन  

विद्यालय की छात्राओं ने विज्ञान, कला एवं वाणिज्य सभी संकायों में उल्लेखनीय सफलता अर्जित की है। इस वर्ष कुल 26 छात्राओं ने 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। विद्यालय का परिणाम में सभी छात्राओं ने प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण होकर 100 प्रतिशत सफलता दर दर्ज की। द्वितीय एवं तृतीय श्रेणी में कोई भी छात्रा नहीं रही।

माहौल से मिली ऊँचाई

विज्ञान, कला एवं वाणिज्य संकाय की छात्राओं ने उच्च अंक प्राप्त कर यह सिद्ध किया है कि उचित मार्गदर्शन, संसाधन एवं सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण मिलने पर अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग की छात्राएं भी शैक्षणिक क्षेत्र में नई ऊंचाई प्राप्त कर सकती हैं।

मंत्री ने दी बधाई, कहा—सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम  

इस उपलब्धि पर विभाग के मंत्री लखेंद्र कुमार रौशन ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए छात्राओं, शिक्षकों एवं विद्यालय प्रबंधन को हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह सफलता न केवल छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है। बल्कि समाज के वंचित वर्गों के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि भी है।